चंडीगढ़। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने हरियाणा प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद किसान आंदोलन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। किसानों ने फिलहाल दिल्ली कूच का फैसला टाल दिया है और 28 अगस्त तक खनौरी बॉर्डर पर ही शांतिपूर्ण तरीके से मोर्चा जारी रखने का निर्णय लिया है। डल्लेवाल ने स्पष्ट किया कि किसान सड़क जाम नहीं करेंगे, बल्कि एक तरफ बैठकर अपना विरोध जारी रखेंगे।

डल्लेवाल ने बताया कि किसान अपने घरों से 28 अगस्त तक की तैयारी करके खनौरी बॉर्डर पहुंचे हैं। ऐसे में अब किसान यहीं लगातार मोर्चा लगाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाना है।
51 से घटाकर 41 किसानों का प्रस्ताव भी नहीं माना
हरियाणा प्रशासन और किसान नेताओं के बीच दिल्ली जाने वाले किसानों की संख्या को लेकर बातचीत हुई। प्रशासन की ओर से दिल्ली जाने वाले किसानों की संख्या 51 से कम करने की बात कही गई थी। इसके बाद किसान संगठनों ने 41 किसानों का जत्था दिल्ली भेजने का प्रस्ताव रखा, लेकिन प्रशासन इस संख्या पर भी सहमत नहीं हुआ।
सहमति नहीं बनने के बाद किसान नेताओं ने दिल्ली कूच करने के बजाय खनौरी बॉर्डर पर ही डटे रहने का फैसला किया है।
केंद्र से सीधे बातचीत चाहते हैं किसान
डल्लेवाल ने कहा कि किसान केंद्र सरकार के साथ सीधे बातचीत करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कृषि मंत्रालय से जुड़े केंद्र सरकार के अधिकारी या मंत्री किसानों से बातचीत के लिए आगे आते हैं तो किसान बैठक के लिए तैयार हैं।
किसान नेताओं के मुताबिक, मौजूदा आंदोलन का प्रमुख मुद्दा भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील (व्यापार समझौते) को रद्द करवाना है। किसानों का कहना है कि इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को किसानों के साथ सीधे बातचीत करनी चाहिए।
फिलहाल किसानों का आंदोलन खनौरी बॉर्डर पर 28 अगस्त तक शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा। दिल्ली जाने को लेकर प्रशासन और किसान संगठनों के बीच सहमति नहीं बन पाई है, जिसके बाद अब सभी की नजर केंद्र सरकार की अगली पहल पर टिकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


