फरीदाबाद। दिल्ली-मथुरा-आगरा नेशनल हाईवे (Delhi Mathura Agra Highway) पर गुरुवार तड़के एक के बाद एक कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। भीषण हादसे में तीन बड़े कंटेनर ट्रक और एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि, इतने बड़े एक्सीडेंट (road accident in faridabad) के बाद भी किसी भी गाड़ी के ड्राइवर को गंभीर चोट नहीं आई। सभी सुरक्षित हैं।

पहले पलटा स्क्रैप का ट्रक, फिर पीछे से आपस में भिड़े वाहन

हादसे का शिकार हुए ट्रक ड्राइवर श्यामवीर ने बताया कि वह दिल्ली से लोहे का स्क्रैप खाली करके अपने खाली ट्रक के साथ पलवल लौट रहा था। सुबह साढ़े तीन बजे के आसपास अचानक उसके ट्रक का टायर घूम गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे पर एक तरफ पलट गई। हाईवे पर ट्रक को पलटा देख वहां से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियों की रफ्तार धीमी कर दी।

इसी दौरान दिल्ली से पार्सल लेकर पलवल जा रहा एक कंटेनर चालक भी धीमा हुआ। तभी उसके पीछे आ रहे एक दूसरे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी (speeding container hit from behind)। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे चल रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर एक कार से जा टकराया। इसके बाद वह कंटेनर हाईवे के दूसरी तरफ लगी लोहे की सेफ्टी ग्रिल पर चढ़ गया, जिससे ग्रिल टूट गई।

कार चालक ने सुनाई आपबीती: दिल्ली रेलवे स्टेशन से लौट रहे थे वापस

क्षतिग्रस्त हुई कार के ड्राइवर अरविंद रावत ने बताया कि वह दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सवारी छोड़कर वापस अपने घर पलवल जा रहे थे। उन्होंने जैसे ही हाईवे पर पलटा हुआ ट्रक देखा, अपनी कार की स्पीड कम कर ली थी। तभी पीछे से आए बेकाबू कंटेनर ने उनकी कार को साइड से रगड़ते हुए टक्कर मार दी (car damaged in highway accident)। अरविंद ने बताया कि उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा है। उनके ठीक पीछे एक बोलेरो पिकअप भी आकर टकराई थी, लेकिन उसे ज्यादा डैमेज नहीं हुआ।

एनएचएआई (NHAI) की टीम ने क्रेन बुलाकर खुलवाया जाम


दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की रूट पेट्रोलिंग टीम (NHAI route patrolling team) मौके पर पहुंच गई। एनएचएआई कर्मी महेश कुमार ने बताया कि पहले एक ट्रक पलटने के कारण पीछे की गाड़ियों की गति धीमी हुई थी। इस दौरान ध्यान भटकने से एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते चले गए। इसके बाद तुरंत मौके पर बड़ी क्रेन बुलाई गई। क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सीधा किया गया और ग्रिल पर चढ़े कंटेनर को रास्ते से हटाया गया। सभी गाड़ियों को किनारे करने के बाद हाईवे पर ट्रैफिक को दोबारा सुचारू (traffic cleared on national highway) किया गया।