अनिल शर्मा, अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बिजली कर्मचारियों की 11 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को लेकर कहा कि सरकार लगातार यूनियनों से बातचीत कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि बातचीत के जरिए समाधान निकल जाएगा और कर्मचारी हड़ताल का फैसला वापस ले सकते हैं।

तीन प्रमुख मांगों पर हुई चर्चा

पत्रकारों से बातचीत में अनिल विज ने बताया कि हाल ही में बिजली कर्मचारियों की विभिन्न यूनियनों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में यूनियनों ने तीन प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई।

निजीकरण पर सरकार का पक्ष रखा

विज ने कहा कि यूनियन की पहली मांग बिजली वितरण के समानांतर लाइसेंस के जरिए निजीकरण रोकने की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) के पास विचाराधीन है। HERC एक स्वायत्त संस्था है और यह बिजली विभाग के अधीन काम नहीं करती।

उन्होंने कहा कि सरकार ने HERC के समक्ष भी निजीकरण का विरोध किया है। विभागीय अधिकारियों ने आयोग के सामने सरकार का पक्ष रखा है।

स्मार्ट मीटर पर अभी नहीं हुआ टेंडर

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि यूनियन की दूसरी मांग स्मार्ट मीटर परियोजना को रोकने की थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस योजना के लिए टेंडर भी जारी नहीं हुए हैं। केवल फाइल प्रक्रिया में है, इसलिए इस मुद्दे पर फिलहाल कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

एग्री डिस्कॉम पर मुख्यमंत्री करेंगे फैसला

तीसरी मांग एग्री डिस्कॉम के गठन को लेकर थी। अनिल विज ने कहा कि इस विषय पर मुख्यमंत्री पहले ही विधानसभा में अपना पक्ष रख चुके हैं। हालांकि, इस संबंध में आगे क्या निर्णय होगा, इस पर फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

‘शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ा’

अनिल विज ने दावा किया कि बैठक के दौरान तीनों मुद्दों पर सहमति बन गई थी। लेकिन बैठक खत्म होने के बाद कुछ लोगों ने माहौल खराब कर दिया, जिसके बाद हड़ताल की घोषणा कर दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार फिर भी बातचीत का रास्ता खुला रखे हुए है और अधिकारियों की यूनियन से लगातार वार्ता जारी है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर टिप्पणी करते हुए अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस अब एकजुट राजनीतिक दल नहीं रह गई है। उनके अनुसार, यह विभिन्न गुटों का समूह बन चुकी है, जहां नेता अपने-अपने हितों के आधार पर फैसले लेते हैं।

अग्नि-4 मिसाइल परीक्षण पर दी प्रतिक्रिया

अग्नि-4 बैलिस्टिक मिसाइल के सफल प्रशिक्षण परीक्षण पर अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य क्षमता लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि थल, जल और नभ तीनों क्षेत्रों में भारत अपनी रक्षा शक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।