रोहतक। हिमाचल प्रदेश के शिमला से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। वहां के सरस्वती पैराडाइज स्कूल परिसर में रोहतक की रहने वाली मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हिमाचल पुलिस ने अब इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या का मुख्य साजिशकर्ता कोई बाहरी नहीं, बल्कि मनीषा का सगा छोटा भाई हिमांक मित्तल ही निकला। उसने प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपनी ही बहन की जान ले ली।

दोस्त को दिए थे साढ़े आठ लाख रुपए

शिमला की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हिमांक मित्तल ने अपनी बहन को रास्ते से हटाने के लिए अपने दोस्त गोविंद के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। इस काम के लिए हिमांक ने गोविंद के बैंक खाते में साढ़े आठ लाख रुपए भेजे थे। इसके बाद गोविंद ने आगे शूटरों का इंतजाम किया और उन्हें करीब सत्तर हजार रुपए दिए। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद गोविंद विदेश भाग गया था, लेकिन जैसे ही वह भारत लौटा, पुलिस ने उसे दबोच लिया।

इंटरनेट कैमरों की मदद से दी लोकेशन

जांच में पुलिस के हाथ कुछ बेहद चौंकाने वाले सुक्ष्य लगे हैं। आरोपी भाई हिमांक के पास उस स्कूल के सुरक्षा कैमरों का ऑनलाइन एक्सेस था, जहां मनीषा काम करती थी। आसान भाषा में समझें तो वह अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर ही घर बैठे स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज देख सकता था। इसी तकनीक का फायदा उठाकर वह अपनी बहन के आने-जाने के समय पर नजर रख रहा था। उसने वही लाइव फुटेज शूटरों तक पहुंचाई, जिससे शूटरों को मनीषा की सही लोकेशन मिल गई और उन्होंने स्कूल के गेट पर ही उसे गोली मार दी।

किराए की कार से आए थे शूटर

पुलिस के अनुसार गोविंद ने ही हत्यारों को वारदात के लिए एक किराए की कार दिलावाई थी। उसने हत्या से दो दिन पहले ही देश छोड़ दिया था ताकि किसी को उस पर शक न हो। जब वह वापस आया तो उसने अपना फोन बंद कर लिया और छिपने लगा, लेकिन पुलिस की नजरों से बच नहीं सका। पुलिस ने हत्या की कड़ियां जोड़ते हुए रोहतक और झज्जर के गांवों से दोनों शूटरों को पहले ही पकड़ लिया था।

जल्द ही शिमला लाया जाएगा मुख्य आरोपी

इस मामले में पुलिस ने सभी मुख्य किरदारों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। साजिश रचने वाले भाई हिमांक की तबीयत खराब होने और उसके बिस्तर पर होने के कारण पुलिस ने उसे अट्ठाईस जून को रोहतक में ही गिरफ्तार कर अपनी हिरासत में ले लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही उसे शिमला लाया जाएगा। वहीं उसके दोस्त गोविंद को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों शूटर भी फिलहाल पुलिस की रिमांड पर हैं, जिनसे इस पूरी साजिश की और परतें खोली जा रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m