कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का आज राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करते हुए रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित था. इससे पहले ही अजय राय को देर रात अयोध्या के होटल में अरेस्ट कर लिया गया. इसके अलावा जिले में भी कांग्रेस के कई पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट कर बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है. उसके बाद से ही कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर है. जयराम रमेश ने चढ़ावा चोरी को लेकर सीधे पीएम मोदी को घेरा.
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को आरोप लगाया कि अयोध्या स्थित राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर पीएम मोदी की ‘चुप्पी’ देश के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था को सीधा ठेस पहुंचा रही है.
जयराम रमेश ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय द्वारा ‘एक्स’ पर किए एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि श्रीराम मंदिर में कथित ‘‘लूट’’ पर प्रधानमंत्री की चुप्पी लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है.
अयोध्या में होने वाले अजय राय के इस कार्यक्रम को लेकर अजय राय के नेतृत्व में कई सांसद व विधायकों को भी शामिल होना था. जिसमें सांसद किशोरी लाल शर्मा, सांसद राकेश राठौर, सांसद उज्जवल रमण सिंह, सांसद तनुज पुनिया, विधायक वीरेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद एपी गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व विधायक मीता गौतम के भी नाम शामिल हैं.
राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने मंगलवार (30 जून) को एक्स पर पोस्ट सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने लिखा, “मोदी जी और उनके साथियों का बस यही सपना, राम नाम जपना, पराया माल अपना.”
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि देशवासियों के दबाव के चलते एसआईटी की रिपोर्ट के बाद FIR हुई है, लेकिन इतने दिन बाद भी RSS- BJP से जुड़े होने के कारण मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि श्रीराम मंदिर में हुई चंदा लूट से पूरा देश व्यथित है.
जयराम रमेश ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को मंदिर न जाने देना और तानाशाह तरीके से हाउस अरेस्ट करना अत्यंत निंदनीय है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

