हांसी के पास हरियाणा के रामपुर गांव में किसानों को सप्लाई की जाने वाली सरकारी यूरिया को दूसरे कट्टों में भरने का मामला सामने आया है। CIA टीम ने कृषि विभाग के साथ मिलकर एक गोदाम पर कार्रवाई की। मौके से यूरिया के करीब 900 भरे कट्टे, 1,326 खाली कट्टे और एक बड़ा ट्रक मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यूरिया को प्रोसेस करके यमुनानगर की इंडस्ट्रीज में भेजा जा रहा था।

CIA इंचार्ज उपनिरीक्षक कपिल कुमार के अनुसार, टीम को गोदाम में यूरिया से जुड़ी अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर रात में छापेमारी की गई। मौके पर एक बड़ा ट्रक खड़ा मिला और गांव सीसर निवासी सोनू को पकड़ा गया। गोदाम में बड़ी संख्या में यूरिया के कट्टे मिलने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। सामान हटाने से रोकने के लिए वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई।

गोदाम में मिले 1,326 खाली और करीब 900 भरे कट्टे

CIA टीम ने सोमवार को कृषि विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। इसके बाद कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. रवींद्र कुमार और गौरव कुमार की टीम ने गोदाम की जांच की।

अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर 1,326 खाली कट्टे और यूरिया से भरे करीब 900 कट्टे मिले। इनमें लगभग 700 सफेद कट्टे और सवा 200 के आसपास अन्य भरे हुए कट्टे शामिल थे।

जांच के दौरान सामने आया कि किसानों को सप्लाई होने वाली यूरिया को मूल पीले कट्टों से निकालकर सफेद कट्टों में भरा जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी में इसे प्रोसेस करके यमुनानगर की इंडस्ट्रीज में भेजे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इसे किस उद्देश्य से प्रोसेस किया जा रहा था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सोनू और प्रदीप कापड़ो के नाम सामने आए

कृषि विभाग के एसडीओ ने शुरुआती जानकारी के आधार पर बताया कि गोदाम गांव सीसर निवासी सोनू और प्रदीप कापड़ो का बताया जा रहा है। मामले में विभाग की ओर से शिकायत दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई शुरू करवाई जाएगी।

बरामद कट्टों और अन्य सामान को पुलिस अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच करेगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यूरिया कहां से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस गतिविधि में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m