सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले से गुजर रहे हाईस्पीड कॉरिडोर UER-2 पर मंगलवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा हलालपुर गांव के पास हुआ, जहां मुर्गों से भरी टाटा 407 सड़क किनारे खड़े प्लाई लदे कैंटर से जा टकराई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा 407 का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल, सोनीपत भिजवाया। पुलिस वाहन मालिक के माध्यम से मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर खड़े कैंटर के पीछे टाटा 407 के टकराने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

