पटना/ कुंदन कुमार। बिहार के गया जिले के बिलौटी गांव में आगामी 5 जुलाई को प्रस्तावित बहुजन महापंचायत को लेकर प्रदेश की राजनीति तेज हो गई है। कार्यक्रम को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री लखींद्र पासवान ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। हालांकि उन्होंने महापंचायत में शामिल होने को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दिया, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था का हवाला देते हुए कार्यक्रम आयोजित करने के अधिकार का समर्थन किया। मंत्री लखींद्र पासवान ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति और संगठन को अपनी बात रखने तथा सभा आयोजित करने का अधिकार है। इसमें किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे स्वयं बहुजन महापंचायत में शामिल होंगे, तो उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब देने से परहेज किया।

जनता विकास चाहती है

इस दौरान मंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सभी राजनीतिक दलों और समाज के लोगों को बिहार के विकास के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए अनावश्यक बयानबाजी कर रहा है, जबकि जनता विकास चाहती है।सनातन धर्म को लेकर पूछे गए सवाल पर लखींद्र पासवान ने कहा कि देश की जनता ने उन राजनीतिक दलों को करारा जवाब दिया है जिन्होंने सनातन पर सवाल उठाए या उसका विरोध किया। उनके मुताबिक, चुनावी परिणामों ने साफ कर दिया है कि जनता अपनी आस्था और संस्कृति का सम्मान करने वालों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इससे सबक लेना चाहिए।

बेवजह बयानबाजी करते हैं तेजस्वी

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बिना तथ्यों के आरोप लगाते हैं और बेवजह बयानबाजी करते हैं। किसी पर झूठे आरोप लगाना लोकतांत्रिक राजनीति की स्वस्थ परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे आरोपों की सच्चाई समझ चुकी है और विकास के मुद्दों पर आगे बढ़ना चाहती है।