चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के नौ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पंचकूला पुलिस कमिश्नर और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
डीजीपी स्तर पर अतिरिक्त जिम्मेदारियां
सरकार के आदेश के अनुसार, डीजीपी अर्शिंदर सिंह चावला को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ महानिदेशक, जेल (प्रिजन्स), हरियाणा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं डीजीपी कला रामचंद्रन को मौजूदा दायित्वों के साथ निदेशक, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), मधुबन का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर बने पंकज नैन
आईपीएस अधिकारी पंकज नैन को अतिरिक्त जिम्मेदारियों के साथ पुलिस कमिश्नर, पंचकूला नियुक्त किया गया है।इसके अलावा नाजनीन भसीन को आईजीपी, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), हरियाणा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
ATS में तीन नए एसपी की तैनाती
सरकार ने लोकेंद्र सिंह, उपासना और वरुण सिंगला को एसपी, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), हरियाणा के पद पर नियुक्त किया है, जिससे राज्य की आतंकवाद निरोधी इकाई को और मजबूत किया जाएगा।
पंचकूला डीसीपी भी बदलीं
सृष्टि गुप्ता को AIG (वेलफेयर), पुलिस मुख्यालय तथा एसपी, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।उनकी जगह अदिति सिंह को डीसीपी, पंचकूला नियुक्त किया गया है।सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



