रायपुर। जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) एडवांस 2026 का परिणाम रविवार देर रात घोषित किया गया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में रायपुर की छात्रा सान्वी मित्तल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4196 हासिल की है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है।

narayana

एजुकेशन एक्सपर्ट्स के अनुसार इस वर्ष JEE एडवांस परीक्षा में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 56,880 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की। इस तरह परीक्षा का कुल सफलता प्रतिशत लगभग 31.65 प्रतिशत रहा। वहीं इस वर्ष परीक्षा का कटऑफ बढ़कर 92 अंक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 अंक अधिक है। सामान्य वर्ग के लिए विषयवार कटऑफ में भी 8 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

दो साल की मेहनत लाई रंग

सान्वी मित्तल ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से एलेन रायपुर में रहकर JEE एडवांस की तैयारी कर रही थीं। परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले दो साल से इस परीक्षा की तैयारी कर रही थी। आज अपनी मेहनत को सफल होते देख बहुत खुशी हो रही है।”

रोज 10 घंटे पढ़ाई का बनाया था लक्ष्य

सान्वी ने बताया कि तैयारी के दौरान उन्होंने अनुशासित दिनचर्या अपनाई। वह प्रतिदिन करीब 10 घंटे पढ़ाई करती थीं और सभी विषयों को बराबर समय देने की कोशिश करती थीं।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ डाउट्स क्लियर करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित ब्रेक लेना भी उनकी रणनीति का हिस्सा था। इसी संतुलित तैयारी ने उन्हें सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिक्षकों और बहन को दिया सफलता का श्रेय

सान्वी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय एलेन रायपुर के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि पूरी तैयारी के दौरान शिक्षकों ने उनका मार्गदर्शन किया और हर कठिनाई में सहयोग किया।

इसके अलावा उन्होंने अपनी बहन का विशेष रूप से धन्यवाद किया। सान्वी के मुताबिक जब भी वह मानसिक रूप से कमजोर महसूस करती थीं, उनकी बहन ने उनका हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

खुद पर विश्वास रखना सबसे जरूरी

JEE की तैयारी से मिले अनुभव को साझा करते हुए सान्वी ने कहा कि इस सफर ने उन्हें जीवन का एक महत्वपूर्ण सबक सिखाया है। उन्होंने कहा, “हमें हमेशा खुद पर विश्वास रखना चाहिए और कभी हार नहीं माननी चाहिए। मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। आज नहीं तो कल उसका फल जरूर मिलता है।”

सान्वी के पिता दीपक जैन और माता बबीता जैन ने भी बेटी की सफलता पर खुशी जताई है। परिवार ने इसे वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया है।

रायपुर की इस होनहार छात्रा की सफलता ने न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। सान्वी की उपलब्धि अब इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H