अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. मुगलसराय में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक ट्रेलर से लगभग 184 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये है. इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर रविवार शाम मुगलसराय थाना पुलिस वीआईपी गेट क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार की ओर से एक ट्रेलर में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है.
सूचना के आधार पर पुलिस ने पराग डेयरी के पास बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू की. कुछ देर बाद एक सफेद रंग का संदिग्ध ट्रेलर दिखा. पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर-07 पर ट्रेलर को रोक लिया. तलाशी लेने पर ट्रेलर के मॉडिफाई किए गए गुप्त बॉक्सों में छिपाकर रखे गए आठ बोरों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ.
इसे भी पढ़ें : रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेक! दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के अरवल निवासी अखिलेश कुमार और अरविंद कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में उन्होंने बताया कि बिहार निवासी जग्गल उर्फ जितेंद्र ने उन्हें अधिक पैसे का लालच देकर गांजे की यह खेप वाराणसी पहुंचाने का जिम्मा दिया था. यह पूरा नेटवर्क मोबाइल फोन के जरिए संचालित किया जा रहा था. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

