अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के भिवानी में स्थित विद्या नगर की रहने वाली मात्र 19 महीने की मासूम सिया इस समय स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी यानी एसएमए टाइप 1 जैसी बेहद गंभीर और दुर्लभ बीमारी से जिंदगी की जंग लड़ रही है। इस मासूम बच्ची को नया जीवन देने और उसके इलाज के लिए सरकारी मदद की गुहार लगाने के लिए लाडो एक नई पहल संगठन के बैनर तले रोहतक गेट से उपायुक्त कार्यालय तक एक भावुक सहायता यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में संगठन के सदस्यों और शहरवासियों के साथ पीड़ित परिवार ने खुद मासूम सिया को गोद में लेकर भाग लिया। यात्रा के समापन पर उपायुक्त को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।

विरोध नहीं, जिंदगी बचाने की भावुक अपील

संगठन के अध्यक्ष अमरदीप लाडवाल ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी भी तरह का राजनीतिक या सामाजिक विरोध प्रदर्शन नहीं है। यह एक बेबस परिवार और मासूम बच्ची के जीवन को बचाने के लिए सरकार और समाज के सामने फैलाई गई झोली है। लाडवाल ने कहा कि यह यात्रा सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि एक मासूम बच्ची के जीवन को बचाने के लिए व्यवस्था और समाज से सहयोग की एक भावुक गुहार है। सिया के पास समय बहुत कम है और समय रहते सहायता मिलना ही उसके जीवन की एकमात्र उम्मीद है।

9 करोड़ का है इंजेक्शन, क्राउड फंडिंग से जुटा रहे मदद

उन्होंने बताया कि मासूम सिया के इलाज के लिए जो इंजेक्शन बेहद जरूरी है, उसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपए है और इसे विदेश से मंगाना पड़ता है। पीड़ित परिवार और संगठन क्राउड फंडिंग यानी आम जनता से चंदा इकट्ठा करने के माध्यम से राशि जुटाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इतने सीमित समय में इतनी बड़ी रकम जुटा पाना एक साधारण परिवार के लिए लगभग असंभव है। यही कारण है कि इस मामले में अब सरकारी हस्तक्षेप और बड़ी आर्थिक मदद की जरूरत है।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से तुरंत दखल की मांग

अमरदीप लाडवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मानवीय आधार पर इस मामले में तुरंत दखल देने की अपील की है। उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि वे इस बेहद गंभीर और मानवीय संकट से मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को तुरंत अवगत कराएं ताकि सरकार की ओर से हरसंभव आर्थिक और चिकित्सकीय सहायता जारी की जा सके। इस मौके पर मासूम सिया को बचाने की मुहिम में संगठन के सदस्य रोनित बॉक्सर, परवीन महाबली, विजेंद्र कुमार, साहिल टाक, मोना सहित भारी संख्या में भिवानी के शहरवासी उपस्थित रहे, जिनकी आंखें मासूम सिया की स्थिति देखकर नम थीं।

ममता से अलग हुए बागी गुट का असली TMC होने का दावा, ऋतब्रत गुट ने चुनाव आयोग से मुलाकात कर कहा- जल्द फैसला लें