मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद शनिवार को अयोध्या पहुंचे. यहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मत्स्य विभाग की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया.
संजय निषाद ने साफ तौर पर कहा कि 2027 में निषाद पार्टी भाजपा के साथ ही चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और भाजपा का गठबंधन मजबूती के साथ आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने निषाद समाज के हित में ऐतिहासिक काम किए हैं. निषाद समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का काम भाजपा सरकारों ने ही किया है.
इसे भी पढ़ें : अखिलेश यादव का सियासी ‘मास्टरस्ट्रोक’, दो दिग्गज नेताओं ने थामा सपा का दामन
निषाद समाज के आरक्षण के सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि अगर आरक्षण का मुद्दा कोई हल कर सकता है तो वह सिर्फ मोदी और योगी सरकार ही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, निषादराज की प्रतिमा की स्थापना और महिलाओं को आरक्षण देने जैसे बड़े कार्य किए हैं. संजय निषाद ने कहा कि भगवान राम और निषादराज की मित्रता जग प्रसिद्ध है, इसलिए अयोध्या से निषाद समाज की विशेष आस्था जुड़ी हुई है. अयोध्या आकर उन्हें हमेशा गर्व की अनुभूति होती है.
हारी हुई सीटों पर मांगा मौका
आगामी 2027 चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी चाहती है कि उन सीटों पर उन्हें मौका दिया जाए, जहां पार्टी पहले चुनाव हार चुकी है, ताकि पार्टी संगठन को और मजबूत किया जा सके. अयोध्या में निषाद छात्रावास के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इसका न्यायपूर्ण समाधान कराने का प्रयास करेंगे.

