करनाल। अमेरिका के कैलिफोर्निया में करनाल के रहने वाले 22 वर्षीय युवक रोहित और 38 वर्षीय भारतीय मूल की शालिनी ठाकुर की मौत का मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। 8 सितंबर को एक शॉपिंग सेंटर में रोहित ने कथित तौर पर शालिनी को गोली मार दी। इसके बाद पुलिस ने जब रोहित की कार को रोका तो वह भी मृत मिला। पुलिस के मुताबिक उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी थी। घटना के पीछे दोनों के बीच संबंधों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

शालिनी की मां सुदेश कुमारी का कहना है कि रोहित उनकी बेटी से शादी करना चाहता था। दोनों की उम्र में करीब 16 साल का अंतर था, इसलिए परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। मां के मुताबिक इसके बाद रोहित नाराज हो गया और शालिनी का पीछा करता रहा। शालिनी आर्डन आर्केड इलाके के एक शॉपिंग प्लाजा में काम करती थीं और रोहित डोरडैश डिलीवरी के सिलसिले में वहां आता था।

वहीं, रोहित के परिवार ने पूरे मामले की अलग तस्वीर पेश की है। रोहित के चाचा सत्यवान का आरोप है कि शालिनी ने रोहित को अपने प्रभाव में लेकर उससे बड़ी रकम ली थी। उनका दावा है कि रोहित करीब 30 से 35 लाख रुपये शालिनी को दे चुका था और उसके पास रोहित से जुड़ा एक वीडियो भी था, जिसके जरिए वह कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल करती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सत्यवान ने यह भी दावा किया कि जिस बंदूक से घटना हुई, वह शालिनी ने करीब छह-सात महीने पहले रोहित को दी थी। उनका कहना है कि रोहित अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शालिनी को दे रहा था। परिवार के मुताबिक उसने अमेरिका में रहते हुए कई बार गाड़ियां भी बदलीं और एक गाड़ी खरीदने में परिवार ने करीब पांच लाख रुपये की मदद की थी।

डुप्लीकेट चाबी को लेकर भी परिवार का अलग दावा

रोहित के चाचा ने दावा किया कि शालिनी ने अपने अपार्टमेंट की दूसरी चाबी रोहित को दी थी, जिससे वह वहां आ-जा सकता था। उनका यह भी कहना है कि शालिनी के दो कुत्तों की देखभाल और उन्हें खाना देने का काम भी रोहित करता था। परिवार का दावा है कि रोहित ने घटना से पहले घर लौटने की बात कही थी और दिवाली पर भारत आने की बात भी कही थी।

दूसरी ओर, सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ ऑफिस की जांच के अनुसार, रोहित लंबे समय से शालिनी का पीछा कर रहा था। पुलिस के मुताबिक जनवरी 2025 से उससे जुड़ी ऐसी घटनाओं की शिकायतें सामने आई थीं। एक मामले में शालिनी की कार के हुड के नीचे एयरटैग यानी ट्रैकिंग डिवाइस मिलने की बात सामने आई थी।

पुलिस के अनुसार, एक अन्य घटना में रोहित ने कथित तौर पर शालिनी की कार के टायर की हवा निकाल दी और बाद में उसका पीछा करते हुए उसके कार्यस्थल तक पहुंच गया। आरोप है कि वह वहां मदद करने के बहाने उससे संपर्क करना चाहता था। जांच एजेंसी के मुताबिक एक अन्य घटना में रोहित ने शालिनी के अपार्टमेंट की डुप्लीकेट चाबी हासिल की और उसके सोने के दौरान घर में प्रवेश किया।

कोर्ट के आदेश के बाद भी संपर्क करने का आरोप

सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ ऑफिस के मुताबिक मई 2026 के बाद शालिनी ने रोहित के खिलाफ पीछा किए जाने को लेकर कोर्ट से रोक संबंधी आदेश हासिल किया था। इसके बावजूद 29 जुलाई को शालिनी ने पुलिस को शिकायत दी कि रोहित ने कथित तौर पर आदेश का उल्लंघन करते हुए उसके घर के दरवाजे पर किराने का सामान छोड़ दिया।

8 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे हाउ एवेन्यू स्थित एक शॉपिंग सेंटर में शालिनी को गोली मार दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद वाहन हाईवे-50 और हाउ एवेन्यू के पास मिला। पुलिस अधिकारियों ने वाहन को रुकवाया और पास पहुंचने पर रोहित को कार के अंदर मृत पाया।

करनाल से 2023 में अमेरिका गया था रोहित

रोहित करनाल के जुंडला का रहने वाला था। उसके पिता राजेश जुंडला अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं। परिवार के मुताबिक रोहित उनकी इकलौती संतान था। वह वर्ष 2023 में कथित डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा था। बताया गया है कि अमेरिकी बॉर्डर पुलिस ने उसे पकड़ा भी था, लेकिन बाद में उसे रिहा कर दिया गया। इसके बाद वह डोरडैश में डिलीवरी का काम करने लगा।

शालिनी की मां के मुताबिक उनके पति की करीब दो साल पहले मौत हो चुकी है और शालिनी उनकी इकलौती संतान थीं। वहीं, रोहित के परिवार की ओर से शालिनी के मूल स्थान और उसके कथित व्यवहार को लेकर भी कई आरोप लगाए गए हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों के बीच वास्तविक संबंध किस तरह के थे और 8 सितंबर को हुई गोलीबारी तक परिस्थितियां कैसे पहुंचीं। पुलिस की जांच में जहां लंबे समय से पीछा किए जाने और कोर्ट के आदेश के उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं, वहीं रोहित के परिवार ने ब्लैकमेलिंग और पैसों के लेन-देन के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन दोनों दावों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m