कुंदन कुमार, पटना। पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में आज शुक्रवार (29 मई) को दूसरे चरण के तीन दिवसीय “सर्वोदय संकल्प शिविर” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह प्रशिक्षण शिविर 29, 30 एवं 31 मई तक चलेगा।

बापू की विचारधारा को मरने नहीं देंगे- राजेश राम

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बीजेपी बापू की विचारधारा को खत्म करने का प्रयास कर रही है और देश में आरएसएस की विचारधारा को लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि, हम कांग्रेसजन मिलकर बापू की विचारधारा को कभी मरने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर बापू की विचारधारा से संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। बापू के विचारों एवं सिद्धांतों को हम सभी को आत्मसात करना है।

स्वदेशी चीजों को दिया जाएगा बढ़ावा

राजेश राम ने कहा कि सर्वोदय संकल्प शिविर को जिलों में भी आयोजित किया जाएगा तथा इसे गांव-गांव तक ले जाकर स्वदेशी चीजों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर सर्वोदय संकल्प शिविर के चेयरपर्सन एवं पूर्व डीजीपी करुणा सागर ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन पार्टी नेता प्रेमचंद सिंह ने किया।

पहले चरण में मिला था सकारात्मक फीडबैक

प्रदेश कांग्रेस नेताओं का मानना है कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत और प्रशिक्षित करना जरूरी हो गया है। पार्टी इसे संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की बड़ी पहल के तौर पर देख रही है। गौरतलब है कि ‘सर्वोदय संकल्प शिविर’ का पहला चरण अप्रैल महीने में आयोजित किया गया था। इसमें कांग्रेस के चुनिंदा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था। पहले चरण को मिले सकारात्मक फीडबैक के बाद अब पार्टी दूसरे चरण के जरिए अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है।

ये भी पढ़ें- ‘तो समझिए पूरा सिस्टम फेल’, नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में सेना की मदद लेने पर भड़की रोहिणी आचार्य