वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रेंज साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने बिहार, रायपुर, रायगढ़ और सक्ती से जुड़े 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खातों में 8 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।
क्या है पूरा मामला ?
यह पूरा मामला तब सामने आया जब एक पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर 17.21 लाख की ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया गया है। मामला दर्ज होने के बाद रेंज साइबर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। नेशनल साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस इस बड़े नेटवर्क तक पहुंची।
आरोपियों के खातों से जुड़े मिले साइबर फ्रॉड के तार
रेंज साइबर पुलिस ने बिहार, रायगढ़, सक्ती और रायपुर से जुड़े 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम ने जब आगे की जांच शुरु की तो आरोपियों के खातों से करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड के तार जुड़े मिले। साथ ही यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी मुकेश दास के 3 बैंक खातों पर गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 13 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। मुकेश के खातों में ठगी के 10 लाख आने की पुष्टि हुई है।
1 करोड़ की राशि कराया गया होल्ड
वहीं आरोपी संदीप चंद्रा के खाते के खिलाफ भी पूर्व में 5 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी केशव साव के खाते में 99 लाख और शिशिर राठौर के खाते में 1 लाख कुल मिलाकर 1 करोड़ की राशि को होल्ड करा दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

