आकाश श्रीवास्तव, नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले के रानपुर गांव में मधुमक्खियों के हमले से बच्चों की जान बचाने वाली बहादुर महिला कंचन बाई को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि की घोषणा सीएम डॉ मोहन यादव ने की है।
सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों की बचाई थी जान
दरअसल आंगनवाड़ी केंद्र पर मधुमक्खियों के अचानक हमले में कंचन बाई मेघवाल ने करीब 20 मासूम बच्चों की जान बचाते हुए खुद अपनी जान गंवा दी। हमला होते ही कंचन बाई ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों को तिरपाल और दरी से ढंककर एक-एक कर सुरक्षित कमरों में पहुंचाया, लेकिन इस दौरान हजारों मधुमक्खियों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया। गंभीर हालत में उन्हें सरवानिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पति पहले से ही पैरालिसिस से पीड़ित
वे आंगनवाड़ी में मध्यान्ह भोजन बनाती थीं और जय माता दी स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष भी थीं। पति पहले से ही पैरालिसिस से पीड़ित हैं। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। इधर मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कंचन बाई के परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता देने तथा बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाने की घोषणा की है।

