Patna Cash Vehicle Robbery: राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने लूट की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। ताजा मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कैश वैन से लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए। कैश वैन से लूट की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं, इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। कैश वैन लूट की यह घटना बिहार में कानून व्यवस्था की पोल खोल रहा है।

हथियार का भय दिखाकर लूटे पैसे

मिली जानकारी के मुताबिक कैश वाहन तय रूट पर पैसे लेकर कहीं जा रही था। इस बीच बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने कैश वाहन को घेर लिया और हथियार का भय दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में वाहन में रखे कैश को लूटकर फरार हो गए। सबकुछ इतना जल्दी हुआ की किसी को कुछ भी समझ नहीं आया।

40 लाख से अधिक की लूट

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपराधियों की संख्या कितनी थी और वे किस दिशा में पैसे लूटकर भागे। इसके साथ ही पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगालने में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार बदमाशों ने कैश वाहन से करीब 40 लाख रुपए लूटकर फरार हुए हैं। हालांकि अभी तक लूट की रकम को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है।

छानबीन में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास वाले इलाकों में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, कैश वाहन में मौजूद सिक्योरिटी एजेंसी के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कैश वाहन के मूवमेंट की जानकारी अपराधियों को पहले से थी या नहीं? पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।

ये भी पढ़ें- पिछले दो दिनों में कैमूर के रामगढ़ में मिली 6 सिर कटी लाशें, अब तक किसी की पहचान नहीं