Bihar News: भागलपुर में कल सोमवार की देर रात आई भीषण आंधी-पानी ने जिले में भारी तबाही मचाई है। आंधी-पानी के कारण अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिजनों को मुवाअजा देने का ऐलान किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि, आंधी-पानी के दौरान जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के अंदर सहायता राशि दी जाएगी।

पेड़ गिरने से 10 मकान क्षतिग्रस्त

तेज आंधी पानी के कारण कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए, जिसके कारण बिजली आपूर्ती और आवागमन बाधित हुआ है। हालांकि प्रशासन की टीम लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। मौसम में हुए इस अचानक बदलाव का सबसे ज्यादा असर खीरनी घाट मोहल्ले में देखने को मिला, जहां एक विशाल पेड़ गिरने से करीब 10 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

बिहार में मौसम का डबल अटैक

बिहार में मौसम ने इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ दक्षिण बिहार भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, तो दूसरी ओर उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने आज मंगलवार को राज्य के 26 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इस बीच रोहतास में इस सीजन का सबसे अधिक 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिसने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

ये भी पढ़ें- पारिवारिक कलह को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, चाकू से रेता गला