Bihar Crime: बिहार के वैशाली से दिल को दहला देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना लालगंज थाना क्षेत्र के घटारो दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर 1 की है। मृतक की पहचान आशुतोष कुमार (30) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी और उसके छोटे भाई का नाम अंकित कुमार है।

नशे का आदी था मृतक

मृतक आशुतोष कुमार नशे का आदी बताया जा रहा है। इस मामले में वह 6 बार सलाखों के पीछे भी जा चुका है। हालांकि इस समय वह मजदूरी कर अपने परिवार का जीवन-यापन करता था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय थाने की पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। जांच के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

इलाज के क्रम में हुई मौत

मिली जानकारी के अनुसार जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आशुतोष गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। इस दौरान इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। आशुतोष की मौत के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए वापस हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना पर सदर एसडीपीओ का बयान

घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि, पारिवारिक विवाद को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई द्वारा बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया मृतक आशुतोष शराब के नशे का आदी था और 6 बार जेल भी जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- हत्या या फिर कुछ और….? मक्के के खेत में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी