सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में सड़क किनारे स्थित एक मक्के के खेत से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरसिद्धि-छपवा मुख्य पथ पर धनखरैया पेट्रोल पंप के पास की है। मृतक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव निवासी स्वर्गीय सुखल साह के 30 वर्षीय पुत्र रमेश साह के रूप में की गई है। युवक की शव बरामद होने के बाद से परिजनों में मातम का माहौल छाया हुआ है।
हत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट हुई है। हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और दोस्ती में दुश्मनी जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया जाता है कि मृतक रमेश साह की तीन बहनों की शादी घटना स्थल से महज आधा किलोमीटर दूर पनापुर गांव में हुई है। घटना की खबर मिलते ही बहनों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का कहना है कि रमेश को आखिरी बार रविवार को गांव में देखा गया था। ग्रामीणों के अनुसार रमेश साह अपने बहनोई के पास नेपाल में रहकर काम करता था, जहां उसके बहनोई की दुकान है।
लोगों में भय और दहशत का माहौल
घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया की शव को पोस्टमार्टम में भेजा गया है, वही जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम बुला कर जांच कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Bihar Police Encounter: बिहार में फिर एनकाउंटर, पुलिस ने 50 हजार के इनामी बमदाश को मारी गोली

