Bihar News: कर्नाटक के बेंगलुरु में आज गुरुवार (2, जुलाई) की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां पत्थर की खदान में खुदाई के दौरान चट्टान का एक विशाल हिस्सा ढह गया। इस हादसे में बिहार के 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सीएम सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है।
CM सम्राट चौधरी ने जताई गहरी संवेदना
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘बेंगलूरु के दक्षिण तालुक स्थित मदापट्टना की पत्थर खदान में हुए भीषण हादसे में बिहार के प्रवासी श्रमिक भाइयों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं। ॐ शांति।’
जमीन से 40 फीट नीचे चल रहा था खुदाई का काम
बताया जा रहा है कि यह दर्दनाक हादसा आज गुरुवार की सुबह तड़के 5 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार बेंगलुरु के मदपट्टना स्थित एक पत्थर की खदान में खुदाई का काम चल रहा था। लभगभ 20 मजदूर जमीन से 40 फीट नीचे खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान चट्टान का एक बड़ा हिस्सा टूटकर काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिसमें दबने से बिहार के 7 मजदूरों की जान चली गई। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कर्नाटक सीएम ने भी जताया दुख
यह भी कहा जा रहा है कि खदान में एक दिन पहले ब्लास्टिंग भी की गई थी। हालांकि ब्लास्टिंग की वजह से ही यह हादसा हुआ है। इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि मरने वाले सभी मजदूर बिहार के प्रवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, कर्नाटक के कुछ मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
ये भी पढ़ें- Bihar Breaking: राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड, जानें कहां शिफ्ट हुआ परिवार?

