कुंदन कुमार, पटना। राबड़ी देवी ने अपना सरकारी आवास (10 सर्कुलर रोड) खाली कर दिया है। भवन निर्माण विभाग द्वारा अंतिम नोटिस मिलने के बाद घर का सारा सामान कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास पर शिफ्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही अब 10 सर्कुलर रोड राबड़ी आवास के नाम से नहीं जाना जाएगा। लालू परिवार ने लगभग 20 साल बाद 10 सर्कुलर रोड को खाली कर दिया है।
बता दें कि 10 सर्कुलर रोड लंबे समय तक राजद की राजनीतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहा है। फिलहाल पूरा परिवार कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट हुआ है। हालांकि लालू परिवार का स्थायी पता अभी तय नहीं माना जा रहा है।
नंद किशोर राम को आवंटित है 10 सर्कुलर रोड
गौरतलब है कि भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली करने को लेकर कई बार नोटिस दिया था। विभाग की ओर से यह बंगला बिहार सरकार में दलित मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है, जिसके बाद से प्रशासन और विभाग राबड़ी देवी पर बंगला खाली करने का दबाव बना रही थी। वहीं, राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया है।
हालांकि अब जब राबड़ी देवी ने बंगला खाली किया है, तो 39 हार्डिंग रोड आवास में शिफ्ट होने की बजाय वह और उनका परिवार कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हुआ है। हालांकि उन्होंने ऐसा क्यों किया? वह 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट होंगी या नहीं? इसे लेकर अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
1 पोलो रोड स्थित आवास में शिफ्ट हुए तेजस्वी
बता दें कि भवन निर्माण विभाग द्वाला लगातर मिल रहे नोटिस के बाद पिछेल कुछ दिनों से 10 सर्कुलर रोड से सामानों को हटाने की प्रक्रिया जारी थी। पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आधिकारिक तौर पर 10 सर्कुलर रोड को खाली कर परिवार के साथ 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए हैं।
10 सर्कुलर रोड में बीता है सभी बच्चों का बचपन
लालू परिवार पिछले 20 साल से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास में रह रहा था, जिसे राबड़ी आवास के नाम से भी जाना जाने लगा था। यह आवास लालू परिवार के लिए काफी महत्वर रखता था। इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तेजस्वी और तेज प्रताप समेत सभी बच्चों का बचपन भी इसी घर में बीता है। ऐसे में आवास को खाली करना राजद खासकर लालू परिवार के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
ये भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोले अशोक चौधरी- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे, राजनीति बंद करे विपक्ष

