अंबाला। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वाकांक्षी अंबाला रिंग रोड परियोजना का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। रिंग रोड शुरू होने के बाद वाहनों को शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से नहीं गुजरना पड़ेगा, जिससे सफर तेज, सुरक्षित और सुगम होगा।

691 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 40 किलोमीटर का फोरलेन

करीब 40 किलोमीटर लंबा फोरलेन रिंग रोड लगभग 691 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसके लिए सिक्स लेन के अनुरूप भूमि अधिग्रहित की गई है, ताकि आगे विस्तार में कोई दिक्कत न हो।

इस परियोजना के लिए 30 गांवों की 657 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई है, जिनमें पंजाब के तीन गांव भी शामिल हैं। परियोजना पर अक्टूबर 2023 में काम शुरू हुआ था और इसे सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पांच राष्ट्रीय राजमार्ग होंगे आपस में जुड़े

रिंग रोड के चालू होने के बाद क्षेत्र के पांच प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग आपस में जुड़ जाएंगे। इससे:

० यमुनानगर-जगाधरी से आने वाले वाहन बिना शहर में प्रवेश किए आगे निकल सकेंगे।
० पंजाब के अमृतसर जाने वाले वाहन सीधे जीटी रोड से जुड़ेंगे।
० हिसार की ओर जाने वाले वाहनों को शहर के ट्रैफिक से नहीं गुजरना पड़ेगा।
० अंबाला-शामली हाईवे को भी रिंग रोड से सीधा संपर्क मिलेगा।

बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से होगा सुरक्षित सफर

परियोजना के तहत—० टांगरी नदी पर 2 बड़े और 2 छोटे पुल बनाए जा रहे हैं।
० 2 रेलवे ओवरब्रिज और 3 फ्लाईओवर तैयार किए जा रहे हैं।
० स्थानीय यातायात के लिए सर्विस रोड का निर्माण भी किया जा रहा है।
० सुरक्षित आवागमन के लिए इंटरचेंज, अंडरपास और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रिंग रोड बनने से मालवाहक वाहनों का समय और ईंधन दोनों बचेंगे, जिससे परिवहन लागत कम होगी। औद्योगिक क्षेत्र कालाआंब सहित पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच व्यापार को नई गति मिलेगी। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों को भी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित होगी।

17 जुलाई को मिल सकती है बड़ी सौगात

परियोजना से जुड़े महत्वपूर्ण हिस्सों के शुभारंभ की संभावना 17 जुलाई को है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से कई रेलवे और सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। अंबाला रिंग रोड के शुरू होने के बाद शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा और लाखों यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।