जमशेदपुर। सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित उडीपी उपहार रेस्टोरेंट में शनिवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। करीब 11 राउंड फायरिंग की घटना में चार युवक घायल हुए हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले संदिग्ध हमलावरों की पहचान किए जाने का दावा किया है।

बाइक पर कुंदन, पीछे बैठा था अजीत मंडल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात के समय बाइक मानगो निवासी कुंदन सिंह चला रहा था, जबकि उसके पीछे अजीत मंडल बैठा था। आरोप है कि अजीत मंडल और उसके साथी रेस्टोरेंट में पहुंचे और वहां मौजूद युवकों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में डोम्निक सैमसंग, दिलशाद, रिजवान और कृष्णा चौधरी घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, चारों जमीन कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना के बाद हमलावर डोबो के रास्ते चांडिल की ओर फरार हुए।

रेस्टोरेंट में घुसते ही बरसने लगीं गोलियां

घटना के समय बिंदल मॉल में सामान्य दिनों की तरह लोगों की आवाजाही थी। इसी दौरान हथियारबंद हमलावर उडीपी रेस्टोरेंट में पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब 11 राउंड गोलियां चलने से पूरे मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग में चार युवक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया। गोली चलने की आवाज सुनकर मॉल में मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

डोबो-चांडिल रूट पर पुलिस की नजर

प्रारंभिक जांच में पुलिस को हमलावरों के डोबो के रास्ते चांडिल की ओर भागने के सुराग मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने इस रूट पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

चांडिल और कपाली क्षेत्र में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। संभावित रास्तों और चेकनाकों पर वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध वाहनों और लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

DIG-SSP समेत वरीय अधिकारियों ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के अंदर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल से खोखे समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है।

गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में चेकिंग तेज

हमलावरों की पहचान सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न चेकनाकों पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर भेजा गया है।

चांडिल, कपाली और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

बैंक डकैती के बाद अब मरीन ड्राइव फायरिंग

जमशेदपुर में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं के बीच सोनारी की यह फायरिंग पुलिस के लिए एक और चुनौती बन गई है। इससे पहले गोलमुरी में दिनदहाड़े केनरा बैंक में डकैती की घटना सामने आई थी। अब व्यस्त बिंदल मॉल परिसर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से स्थानीय लोगों और कारोबारियों में चिंता का माहौल है।फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता संदिग्ध हमलावरों को गिरफ्तार करना और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाना है।