Bhojpur News: बिहार के भोजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नवादा थाना क्षेत्र के जैन कॉलेज स्थित कनकपुरी मोहल्ले में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी एवं क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई, जब आज गुरुवार की सुबह वह टहलने के लिए अपने बेटे के साथ जा रहे थे। तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिसमें उनकी मौत हो गई।
7 गोलियां लगने से मौके पर मौत
रामकुमार सिंह को सात गोली लगी, जिससे उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। वहीं मृतक रामकुमार सिंह की पत्नी सुशीला देवी ने 14 कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। सुशीला देवी ने अपने बयान में मुफस्सिल थाना के थाना अध्यक्ष राम कल्याण यादव एवं आर के अंचलाधिकारी अंकिता सिंह पर जमीन का फर्जीवाड़ा करने एवं थाने में आवेदन नहीं लेने का भी गंभीर आरोप लगाया।
14 कट्ठा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मृतक राम कुमार सिंह की पत्नी सुशीला देवी ने कहा कि, 14 कट्ठे जमीन को लेकर लगातार उनके परिवार को धमकी दी जा रही थी, जिसका आवेदन मुफस्सिल थाना में दिया गया था। लेकिन थाना अध्यक्ष राम कल्याण यादव ने आवेदन लेने से इंकार कर दिया। वहीं, आर के अंचलाधिकारी अंकिता सिंह पर पैसा लेकर के दूसरे के नाम जब जाली जमीन का कागजात बनाने का आरोप लगाया।
मौके पर पहुंचे एसपी अवधेश दीक्षित
घटना की जानकारी मिलने के बाद भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जानकारी ली। घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कनकपुरी मोहल्ले में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। परिवार के द्वारा जमीन विवाद में इस घटना को अंजाम देने की बात बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
जल्द गिरफ्तार होंगे अपराधी- एसपी
वहीं, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष की भूमिका के सवाल पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस मामले में जो भी परिवार के द्वारा आवेदन दिया जाएगा, जो भी इस मामले में सम्मिलित होंगे उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेने की बात कही।
ये भी पढ़ें- शर्मनाक: बिहार में फीमेल डॉग के साथ दुष्कर्म, 6 बच्चों का पिता है आरोपी, साल भर से कर रहा गंदा काम

