एस आर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना में स्वतंत्रता दिवस पर आजादी का जश्न सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। भाजपा नेता ने झंडावंदन के बाद बंटवारे को लेकर अपनी भड़ास निकाली। जिसके बाद कांग्रेस नेता ने इसका विरोध जताया और यहीं से हंगामा बरपा। विवाद इतना बढ़ा कि फौरन स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का समापन करना पड़ा।

पूरी घटना कुंभराज तहसील स्थित सीएम राइज स्कूल की है जहां हाथापाई के बाद कार्यक्रम खत्म हुआ। सीएम राइज स्कूल में झंडावंदन के बाद मंच पर भाजपा और कांग्रेस नेता आमने-सामने आ गए। दरअसल, भाजपा नेता राजबहादुर सिंह चौहान ने भाषण में महात्मा गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा था। इस पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधेश्याम मीणा भड़क उठे और मंच से विरोध जताया।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक भी मंच पर चढ़ गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देशभक्ति के मंच पर नेताओं की नोकझोंक देख छात्र और ग्रामीण दंग रह गए।  हालात बिगड़ते देख संचालकों ने आनन-फानन में कार्यक्रम समाप्त करने की घोषणा कर दी। राष्ट्रगान और अन्य औपचारिकताएं तक नहीं हो सकीं।  

अब सवाल उठता है कि जब बच्चों को अनुशासन सिखाने आए नेताओं की मर्यादा ही मंच पर ही तार-तार हो जाए तो फिर बेहतर समाज कैसे बनेगा? बहस और हाथापाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग सवाल उठा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m