शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी भोपाल में प्रशासनिक अधिकारियों के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामला भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा (IAS) के नाम से बनी फेक आईडी का सामने आया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस आईडी से आने वाले किसी भी मैसेज, फॉलो रिक्वेस्ट या संदेश का जवाब न दें।
फर्जी आईडी का विवरण
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के साथ एडीएम सुमित पांडे और जिला पंचायत सीईओ (तिवारी) का फोटो इस्तेमाल किया गया है। प्रशासनिक अपील: ऐसे अकाउंट्स से फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, मैसेज का रिप्लाई न करें और न ही कोई आर्थिक लेन-देन करें। पुराना मामला: पूर्व कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के कार्यकाल में भी संबल योजना के नाम पर 3 से 10 हजार रुपये तक की ठगी हुई थी, जिसमें फंदा जनपद के ग्रामीणों ने राशि ट्रांसफर की थी।
अनधिकृत संदेश नहीं भेजे जा रहे
साइबर ठगों ने अब भोपाल के जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम से फर्जी प्रोफाइल तैयार की है। लोगों को विश्वसनीय लगे, इसके लिए इस फेक आईडी पर कलेक्टर के साथ एडीएम सुमित पांडे और जिला पंचायत सीईओ के फोटो भी लगाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जी आईडी के जरिए आम नागरिकों या अधिकारियों-कर्मचारियों से पैसों की मांग, मदद या अन्य संदेहास्पद चैट की जा सकती है। प्रशासनिक सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर कार्यालय या प्रियंक मिश्रा के किसी भी आधिकारिक/सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से इस तरह के अनधिकृत संदेश नहीं भेजे जा रहे हैं।
पुराना कड़वा अनुभव: संबल योजना के नाम पर ठगी
भोपाल में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पूर्व कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के नाम पर भी साइबर ठगों ने फेक अकाउंट या फर्जी नंबरों से ठगी का षड्यंत्र रचा था। ठगों ने संबल योजना का लाभ दिलाने और खाते में राशि डलवाने का झांसा दिया था। 3 हजार से 10 हजार रुपये तक की मांग की गई थी। भोपाल के फंदा जनपद क्षेत्र के 2-3 ग्रामीणों ने झांसे में आकर 10-10 हजार रुपये ठगों के खाते में ट्रांसफर भी कर दिए थे। मामला तत्कालीन कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद साइबर सेल द्वारा जांच की गई थी।
सुरक्षा सलाह / क्या करें?
सत्यापन करें: किसी भी बड़े अधिकारी के नाम से मैसेज आने पर उसकी प्रमाणिकता की पुष्टि सीधे कार्यालय से करें। रिपोर्ट और ब्लॉक: ऐसी किसी भी फर्जी आईडी/प्रोफाइल को तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Report और Block करें। शिकायत दर्ज कराएं: साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



