हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। महासमुंद नगरपालिका क्षेत्र में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से लगभग छह साल पहले जिस इंडोर स्टेडियम का निर्माण शुरू किया गया था, वह आज विभागीय सुस्ती, प्रशासनिक दांव -पेच और ठेकेदार के बकाया भुगतान नहीं होने के कारण खंडहर में तब्दील होता नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय जाएंगे रायगढ़… बिजली उपभोक्ताओं के E-KYC के लिए हर गुरुवार कैंप… अमम में भूपेश बघेल करेंगे आमसभा को संबोधित… दिल्ली से लौटेंगे किरण देव… पढ़ें और भी खबरें

जब इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरु हुआ था, तब शहर के युवा खिलाड़ियों में एक नई उम्मीद जगी थी कि उन्हे बैडमिंटन, वुशु, टेबल टेनिस आदि अन्य इंडोर गेम एक ही छत के नीचे खेलने को मिल जाएंगे, पर सालों बाद निर्माण पूरा न होना और गेट पर ताला लगा होना खिलाड़ियों के उम्मीद पर पानी फेर रहा है।

आज की तारीख में लगभग एक करोड़ तीस लाख के लागत से बनकर तैयार खड़े भवन की दीवारें पेंट छोड़ रही हैं। बारिश के कारण दीवारों पर काई जमी हुई है। पूरे कैम्पस में झाड़-झंखाड उगे हैं। स्ट्रीट लाइट के पोलों में जंग लग गए हैं। लोहे के गेट में जंग लग रहे हैं।

जानकार बताते हैं कि इंडोर स्टेडियम का निर्माण अभी तक दो-तीन चरणों में हुआ। एक बार लगभग एक करोड़ की लागत से भवन निर्माण का कार्य हुआ। दूसरी बार लगभग 36 लाख में पीओपी,‌ टाइल्स , बाउंड्री का निर्माण हुआ, लेकिन ठेकेदार का भुगतान आज भी आधा-अधूरा है, जिसके कारण इंडोर स्टेडियम न तो हैंड ओवर हो सका और न ही जिस उद्देश्य को लेकर निर्माण कराया गया उसकी पूर्ति कर पा रही है।

अब सफेद हाथी बन चुके इस इंडोर स्टेडियम को लेकर खिलाड़ी व आम नागरिक इस निर्माण को लेकर आरोप लगाते हुए इसे जल्द पूर्ण करने की मांग कर रहे हैं।

वहीं महासमुंद नगर पालिका के लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता बताते हैं कि इंडोर स्टेडियम में बने बैडमिंटन कोर्ट का भुगतान अभी ठेकेदार को नही हुआ है। शासन से जैसे ही पैसा आता है, ठेकेदार का भुगतान कर खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में खिलाड़ियों को कब तक इस इंडोर स्टेडियम का लाभ मिल पाएगा, ये आने वाला समय ही बता पाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m