Abhishek Sharma 30 Ball Century: भारत और अफगानिस्तान के बीच दिल्ली में खेले जा रहे तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि अफगानिस्तान के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। क्रीज पर जमते ही बड़े शॉट लगाने के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक ने इस मुकाबले में महज 30 गेंदों में शतक पूरा कर इतिहास रच दिया।
अभिषेक की पारी की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी सेंचुरी में 9 चौके और 11 छक्के लगाए। यानी 108 में से 102 रन तो सिर्फ बाउंड्री से आए। इस दौरान उन्होंने केवल 6 रन ही दौड़कर लिए।
30 गेंदों में शतक, बना नया रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा अब फुल मेंबर टीम की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 में उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड 33 गेंदों में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के नाम था। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 33 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी। वहीं न्यूजीलैंड के फिन एलन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में शतक पूरा किया था।
अभिषेक ने इन दोनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 30 गेंदों में सेंचुरी जड़ दी। इसके साथ ही उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का भी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था, जो भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक था।
34 गेंद में 108 रन की तूफानी पारी
अभिषेक शर्मा की पारी हालांकि शतक के बाद ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। वह 34 गेंदों में 108 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस विस्फोटक पारी में उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के लगाए।
यह अभिषेक शर्मा का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीसरा शतक है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उन्होंने शुरुआत से ही अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और लगातार बड़े शॉट लगाते रहे। शतक पूरा करने के बाद अभिषेक ने हेलमेट उतारकर मैदान पर बैठकर ध्यान की मुद्रा में जश्न मनाया।
11 ओवर में भारत का स्कोर 152/1
अभिषेक के आउट होने के बाद भी भारतीय पारी तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। खबर लिखे जाने तक भारत ने 11 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 152 रन बना लिए थे। संजू सैमसन 42 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे, जबकि तिलक वर्मा 2 रन पर खेल रहे थे।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
फुल मेंबर टीमों की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में अब अभिषेक शर्मा सबसे आगे हैं।
अभिषेक शर्मा — 30 गेंद
फिन एलन — 33 गेंद
सिकंदर रजा — 33 गेंद
डेविड मिलर — 35 गेंद
रोहित शर्मा — 35 गेंद
अभिषेक की इस पारी ने न सिर्फ भारत को मजबूत शुरुआत दी, बल्कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में भी उनका नाम सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में शीर्ष पर पहुंचा दिया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



