Bihar Budget 2026: बिहार विधानसभा का बजट सत्र आज सोमवार (2 फरवरी) से शुरू हो गया है। यह सत्र 27 फरवरी तक चलेगा। सत्र के पहले दिन यानी की आज राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार अपनी नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका पेश करेगी। इसके बाद कल बिहार सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव सदन के पटल पर बजट पेश करेंगे। बिहार विधानसभा बजट सत्र 2025 में कुल 19 बैठकें होंगी।

सरकार को घेरने की कोशिश करेगा विपक्ष

बिहार बजट सत्र के दौरान विपक्ष सत्तापक्ष को घेरने की कोशिश करेगा। प्रदेश में बढ़ते अपराध, पटना नीट छात्रा मौत मामला, रोजगार, शिक्षा समेत अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष के सदस्य नीतीश सरकार को घेरते नजर आ सकते हैं। ऐसे में सदन का माहौल हंगामेदार रहने की उम्मीद है।

बजट सत्र का पूरा शेड्यूल

  • 3 फरवरी को नीतीश सरकार 2026-27 का बजट पेश करेगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव।
  • 5 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर पेश किए गए सुझावों और सवालों पर उत्तर देगी राज्य सरकार।
  • 6 फरवरी को वर्ष 2026-27 के बजट में निहित आय-व्यय पर चर्चा।
  • 9 फरवरी को सरकार की आय-व्यय पर चर्चा। नीतीश सरकार 2025-26 का तीसरा अनुपूरक बजट भी पेश करेगी।
  • 10 फरवरी को आय-व्यय की अनुदान मांगो पर चर्चा होगी और फिर वोटिंग।
  • 11 फरवरी को तीसरे अनुपूरक बजट पर चर्चा, सरकार देगी जवाब।
  • 12 और 13 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान।
  • 16 फरवरी से 20 फरवरी तक अनुदान मांगो पर चर्चा और मतदान ।
  • सत्र के अंतिम चरण (23 फरवरी) में विनियोग विधेयक पर चर्चा।
  • 24, 25 और 26 फरवरी को राजकीय विधेयकों और अन्य शासकीय कार्यों पर चर्चा।
  • सत्र के आखिरी दिन, 27 फरवरी को गैर सरकारी सदस्यों के कामकाज और गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे।

जबकि 4,7,8,14,15,21 और 22 फरवरी को सदन में अवकाश रहेगा। इस दौरान बजट सत्र की बैठकें नहीं होंगी।

ये भी पढ़ें- Bihar Weather Report: बिहार में लुढ़का पारा, मौसम विभाग ने कई जिलों में घने कोहरे को लेकर जारी किया अलर्ट, जानें कब मिलेगी ठंड से राहत?