Tejashwi Yadav: आज से बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन यानी की आज राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार अपनी नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका पेश करेगी। हालांकि सत्र के पहले दिन ही नेता प्रतपिक्ष यादव बजट सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगे। दरअसल उनके पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया है, जिससे वे चलने में फिलहाल असमर्थ हैं। इसकी जानकारी राजद ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है।

बजट सत्र में नहीं शामिल होंगे तेजस्वी!

राजद ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा- “दिनांक 25 जनवरी को ठोकर लगने से माननीय नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी यादव जी के पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया था। तदोपरांत चिकित्सकीय देखरेख में माननीय नेता स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे है”।

जैसा की राजद के इस पोस्ट से पता चल रहा है कि तेजस्वी को चोट 25 जनवरी को लगी है, हालांकि पोस्ट अब से कुछ घंटे पहले किया गया है, जिसे देखते हुए यह कयास लगाया जा रहा है कि तेजस्वी आज से शुरू होने वाले बजट सत्र में नहीं पहुंच सकेंगे।

बजट सत्र के दौरान होंगी 19 बैठकें

बिहार विधानमंडल बजट सत्र के पहले दिन यानी की आज राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार अपनी नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका पेश करेगी। इसके बाद कल बिहार सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव सदन के पटल पर बजट पेश करेंगे। बिहार विधानसभा बजट सत्र 2025 में कुल 19 बैठकें होंगी।

सरकार को घेरने की कोशिश करेगा विपक्ष

बिहार बजट सत्र के दौरान विपक्ष सत्तापक्ष को घेरने की कोशिश करेगा। प्रदेश में बढ़ते अपराध, पटना नीट छात्रा मौत मामला, रोजगार, शिक्षा समेत अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष के सदस्य नीतीश सरकार को घेरते नजर आ सकते हैं। ऐसे में सदन का माहौल हंगामेदार रहने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- बिहार के साथ विश्वासघात! पप्पू यादव ने बजट को बताया आम आदमी का गला घोंटने वाला, NEET छात्रा मौत मामले में बोले- पीड़िता को बनाया गया बलि का बकरा