रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत वर्ष पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने रजत महोत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के विकास का आधार है विद्युत ऊर्जा। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास की दशा और दिशा बदलने में विद्युत ऊर्जा ने बड़ी भूमिका निभाई है। विद्युत आज प्रदेश की पहचान से जुड़ा विषय है।


कार्यक्रम के अध्यक्ष रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि प्रदेश का हर कोना और हर घर रोशन है तो इसमें सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की बड़ी भूमिका है। गुढ़ियारी स्थित विद्युत मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पावर कंपनी के विभिन्न योजनाओं के सजग विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया। इस दौरान विधायक धरसींवा अनुज शर्मा, बिरगांव महापौर नंदलाल देवांगन, पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला, निदेशक (सीआरए) आर ए पाठक प्रमुख रूप से मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए इसे एक आम घरेलू उपभोक्ता के लिए लाभप्रद बताया। अपने निजी अनुभव साझा करते हुए उन्होंने आम लोगों से अधिक से अधिक इस योजना का हिस्सा बनने की अपील की। बिरगांव महापौर नंदलाल देवांगन ने कहा कि आज ऊर्जा क्षेत्र में समृद्धि से प्रदेश के साढ़े तीन करोड़ लोगों का जीवन रोशन हो रहा है और साथ ही देश की मजबूती में हम भागीदार बन रहे हैं।

पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के विद्युत उपभोक्ता 25 वर्षों में 19 लाख से बढ़कर 65 लाख हो गए हैं और आज प्रदेश की पॉवर कंपनी सभी को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में सफल हो पा रही है। आधुनिकीकरण के माध्यम से उपभोक्ता सेवा में आमूल-चूल परिवर्तन आया है। ऊर्जा का क्षेत्र बीते ढाई दशक में बहुत बदला है।
मुख्य अभियंता (रायपुर शहर एवं ग्रामीण) संजीव सिंह ने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न योजनाओं के 33 सजग उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया। इसमें विद्युत बिल का बिना बकाया नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ता, सीमा के अंदर विद्युत खपत करने वाले एकल बत्ती उपभोक्ता, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी, कृषक जीवन ज्योति योजना के लाभार्थी, पीएम जन-मन योजना के लाभार्थी और गैर-घरेलू श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। समारोह के दौरान लघु फिल्म के माध्यम से छत्तीसगढ़ में विद्युत विकास की यात्रा को दर्शाया गया। अतिथियों ने ऊर्जा क्षेत्र में हुए विकास और प्रगति को दर्शाती छायाचित्र प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।
उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी से शुरू होकर 06 फरवरी तक ऊर्जा विभाग राज्य स्थापना का रजत जयंती महोत्सव मना रहा है। इस राज्यव्यापी रजत महोत्सव में पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रदेशभर के आठ क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत 535 वितरण केन्द्रों, 68 संभागीय कार्यालयों, क्षेत्रीय कार्यालयों तथा मुख्यालय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रजत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पॉवर कंपनी के कार्यपालक निदेशक के. एस. मनोठिया, मुख्य अभियंता एम. जामुलकर, एम. आर. बागड़े, एफ. ए. खान, चंद्रकला गिडवानी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


