मुजफ्फरपुर। जिले के कथैया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदी पंचायत के सघनपूरा गांव के पंचियारी टोला में बुधवार को भीषण आग लगने से करीब 12 घर जलकर राख हो गए। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टी, मोटर और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।
बांसवाड़ी से उठीं लपटें, घरों को लिया चपेट में
स्थानीय लोगों के अनुसार आग की शुरुआत गांव की बांसवाड़ी से हुई। देखते ही देखते आग ने आसपास के कच्चे और फूस के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे कई परिवारों का आशियाना पलभर में खाक हो गया।
लाखों की संपत्ति जलकर खाक
अग्निकांड में घरों में रखी ज्वेलरी, नगदी, अनाज, कपड़े और अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित सुबोध कुमार महतो ने बताया कि अचानक आग लगी और संभलने का मौका तक नहीं मिला। मन्नू महतो ने कहा कि उनके घर का पूरा सामान जल गया। वहीं देवयांती देवी ने बताया कि आग में उनका सब कुछ खत्म हो गया और अब वे बेघर हो गई हैं।
दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


