सारण। बिहार के सारण जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ अपराधियों ने रविवार को महज 3 मिनट के भीतर एक बड़ी लूट को अंजाम दिया। मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर बाजार स्थित ‘गुप्ता ज्वेलर्स एवं बर्तन भंडार’ में दोपहर 12:48 बजे जब सूरज सिर पर था, तब पांच नकाबपोश बदमाशों ने वह खौफनाक मंजर पैदा किया जिसे याद कर आज भी दुकानदार और ग्राहक सिहर उठते हैं। करीब 20 लाख रुपये के जेवर लूटने के बाद अपराधी 5 राउंड हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
लगा बहरूपिया है, पर वो तो काल थे
दुकान के मालिक बृज बिहारी गुप्ता उस वक्त को याद करते हुए बताते हैं कि शुरुआत में उन्हें लगा कि त्योहारों के कारण कोई बहरूपिया चंदा मांगने आया है। लेकिन चंद सेकंड में ही भ्रम टूट गया। बदमाशों ने अंदर घुसते ही शटर गिरा दिया और गालियां देते हुए पिस्टल तान दी। गुप्ता की गोद में उनका ढाई साल का मासूम पोता बैठा था। जब अपराधियों ने उस मासूम के सिर पर बंदूक सटाई, तो एक पिता और दादा के हाथ कांप गए। उन्होंने बताया, अगर मैं लॉकर खोलने में एक सेकंड की भी देरी करता, तो आज मेरी तीन पीढ़ियां एक साथ खत्म हो जातीं।
3 मिनट का क्राइम ड्रामा
CCTV फुटेज और चश्मदीदों के अनुसार, तीन अपराधी बोरा लेकर दुकान में घुसे, जबकि दो बाहर पहरा दे रहे थे। विरोध करने पर बदमाशों ने बृज बिहारी के बेटे अरुण कुमार गुप्ता के सिर पर पिस्टल की बट से जोरदार प्रहार किया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। दुकान में मौजूद महिला ग्राहक शकुंतला देवी ने बताया कि अपराधी लगातार चिल्ला रहे थे जो हिला, उसकी खोपड़ी उड़ा देंगे।
दहशत का आलम यह था कि अपराधी केवल चांदी के गहनों पर फोकस कर पाए। चूंकि लॉकर उनकी नजरों से ओझल था, इसलिए करोड़ों का सोना सुरक्षित बच गया। 12:51 बजे तक अपराधी चांदी से भरा बोरा लेकर रफूचक्कर हो चुके थे।
रेकी और लाउडस्पीकर का फायदा
स्थानीय लोगों का मानना है कि अपराधियों ने दुकान की पहले से रेकी की थी। बाजार में चल रहे शिव-चर्चा और उपनयन संस्कार के लाउडस्पीकर की आवाज के कारण कई लोगों को फायरिंग की आवाज सुनाई नहीं दी, जिसका फायदा उठाकर बदमाश पतली गलियों से भाग निकले।
फिलहाल, पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर छापेमारी कर रही है, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


