शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (14 फरवरी) बुरहानपुर और खंडवा जिले के दौरे पर रहेंगे। यहां से वे लाड़ली लाडली बहनों को योजना की 33वीं क़िस्त के रूप में खातों में 1500 रुपए ट्रांसफर करेंगे।   

सीएम का कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • सुबह 11:00 बजे – मुख्यमंत्री भोपाल से बुरहानपुर के लिए रवाना होंगे।
  • दोपहर 12:00 बजे – बुरहानपुर पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। यहां कुल 696 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत के प्रोजेक्ट्स की सौगात देंगे। 32 कार्यों का लोकार्पण और 48 कार्यों का भूमि-पूजन होगा। विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे। इसके बाद जीजामाता चौराहा से नेहरू स्टेडियम तक रोड-शो में शामिल होंगे।
  • दोपहर 2:20 बजे – खंडवा जिले के पंधाना (पंथना) में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त जारी करेंगे। सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाडली बहनों के खातों में 1500 रुपये प्रत्येक ट्रांसफर होंगे। कुल 1836 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाएगी।
  • शाम 5:00 बजे – मुख्यमंत्री भोपाल वापस पहुंचेंगे।


भोपाल में वैलेंटाइन डे पर हिंदूवादी संगठनों का पहरा

आज वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) है, लेकिन राजधानी भोपाल में प्यार के इस पाश्चात्य त्योहार का खुलकर विरोध हो रहा है। हिंदूवादी संगठनों ने इसे पश्चिमी संस्कृति का प्रतीक बताते हुए सख्त रुख अपनाया है। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, बजरंग दल, संस्कृति बचाओ मंच और अन्य संगठनों ने शहर में कई टुकड़ियों में ‘पहरा’ देने का ऐलान किया है। कल ही संगठनों ने ‘दंड पूजन’ (लाठी पूजन) कर विरोध दर्ज कराया। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रेम मर्यादा और सम्मान से जुड़ा है, लेकिन वैलेंटाइन डे के नाम पर सार्वजनिक अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन पार्कों, होटलों और सार्वजनिक स्थानों पर नजर रखेंगे। जहां भी आपत्तिजनक गतिविधि दिखी, उसका विरोध दर्ज कराया जाएगा और प्रशासन को सूचित किया जाएगा। होटल संचालकों को भी विशेष आयोजन न करने की चेतावनी दी गई है।

केरल के नगरीय विकास के लिए MP बनेगा मॉडल  

केरल के नगरीय विकास के लिए मध्य प्रदेश अब मॉडल राज्य बन रहा है। ‘भाजपा फॉर विकसित केरलम’ कार्यक्रम के तहत केरल के निकाय जनप्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल 14 और 15 फरवरी को भोपाल और ग्वालियर दौरे पर आएगा। ये प्रतिनिधि मध्य प्रदेश के उन्नत नगरीय प्रशासन, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स और अन्य सफल मॉडलों का अध्ययन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल भोपाल नगर निगम की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन करेगा। वे रेलवे स्टेशन क्षेत्र के विकास, मेट्रो प्रोजेक्ट्स, विभिन्न जल स्रोतों और फिल्टर प्लांट्स, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (कचरा मैनेजमेंट) सिस्टम, स्मार्ट सिटी पहलों और अन्य शहरी विकास कार्यों को देखेंगे। दौरा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं प्रतिनिधिमंडल से संवाद करेंगे और मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मॉडल पर चर्चा करेंगे। ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी मुलाकात होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m