लखनऊ। राजधानी के एक होटल में संदिग्ध हालत में होटल कर्मचारी की मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर छानबीन में जुटी हुई है। मृतक एक साल से होटल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था।

यह पूरा मामला जिले के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र का है। जहां के अन्तरास होटल में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरिशचंद्र यादव (40 वर्षीय) के रूप में हुई है। शनिवार शाम वह घर से होटल ड्यूटी करने के लिए आया था। जहां उसकी अचानक तबियत खराब हो गई।

इलाज के अभाव में हुई मौत

होटल कर्मियों ने रात 10:43 बजे हरिशचंद्र के चचेरे भाई के साले को फोन कर बताया कि उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई है, आप तुरंत यहां आ जाइए। उसके बाद वह परिजनों को लेकर होटल पहुंचा। जहां उन्होंने देखा कि हरिशचंद्र मरणासन्न हालत में पड़े थे। जिसके बाद परिजनों संग उसको सीएचसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

READ MORE: जान ले गई एक गलती..! डिवाइडर से जा टकराई तेज रफ्तार बाइक, बेटे की मौके पर मौत, पिता लड़ रहा जिंदगी की जंग

छानबीन में जुटी पुलिस

परिजनों का कहना है कि यदि होटल प्रबंधन समय रहते हरिशचंद्र को अस्पताल ले जाते तो उसकी जान बच जाती। समय में अस्पताल न ले जाने और इलाज के अभाव में उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।