Jehanabad Road Accident: बिहार के जहानाबाद में आज रविवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबूटिया मोड़ के पास की है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई।

हादसे का शिकार हुई कार में एक ही परिवार के 6 लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार परिवार महाशिवरात्रि के अवसर पर देवघर पूजा अर्चना करने जा रहा था। हादसे का शिकार हुए लोग सिकंदरा प्रखंड के धधोर गांव निवासी थे। सुबह 8 बजे के करीब जैसे ही वह बसबूटिया मोड़ के पास पहुंचे, अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था की कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया।

इस हादसे में कृष्णनंदन सिंह (70) और उनकी पुत्रवधू रिंकू देवी (48) की मौत हो गई। वहीं, परिवार के अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घायलों की पहचान ललन कुमार सिंह, प्रिया भारती, खुशबू भारती और 10 वर्षीय गणेश के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से निकाला और देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस और डायल 112 जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ है। हादसे में चालक भी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है। वहीं, कार को भी जब्त कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की बड़ी स्ट्राइक, 12 लाख की शराब के साथ 9 तस्कर गिरफ्तार