महाशिवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर आस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. कर्नाटक के गडग जिले के मुंडारगी तालुक स्थित शिंगातालुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में तोड़फोड़ का भयावह दृश्य देखा. रात के अंधेरे में अज्ञात शरारती तत्वों ने मंदिर में घुसकर शिवलिंग समेत कई धार्मिक प्रतीकों को क्षतिग्रस्त कर दिया. सुबह की पहली किरण के साथ ही जब भक्त पूजा के लिए पहुंचे तो माहौल खुशी से गुस्से और सदमे में बदल गया.
यह घटना केवल तोड़फोड़ की वारदात नहीं बल्कि श्रद्धालुओं के लिए भावनात्मक आघात बन गई है. यह पूरी घटना रामलिंगेश्वर मंदिर में हुई, जो क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद श्रद्धा का केंद्र माना जाता है. यह मंदिर तुंगभद्रा नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक स्थल है. ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार रात मंदिर को विशेष पूजा के लिए सजाया गया था. सफाई और रंगाई भी की गई थी. लेकिन सुबह जब भक्त पहुंचे तो शिवलिंग, नंदी और बसवन्ना की प्रतिमाएं टूटी हुई मिलीं. इस घटना ने पूरे इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया.
ग्रामीणों के अनुसार बदमाशों ने मंदिर परिसर में मौजूद कई धार्मिक मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया. शिवलिंग को खंडित करने के साथ-साथ नंदी और बसवन्ना की प्रतिमाओं को भी तोड़ दिया गया. मंदिर के पास मौजूद होन्नाथेमन्ना की मूर्ति को भी अपवित्र किया गया. माना जा रहा है कि घटना देर रात अंजाम दी गई होगी. श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक भावनाओं पर हमला बताया है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंच गए और विरोध जताया.
पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई. अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. हालांकि कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई धीमी रही, इससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


