Mohammed Shami : टीम इंडिया से बाहर चल रहे 35 साल के मोहम्मद शमी ने गर्दा उड़ा दिया है. रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में उन्होंने 8 विकेट लेकर एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी का दावा ठोका है. इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और उनके सेलेक्शन पैनल को करारा जवाब भी दिया है.

Mohammed Shami : टी20 विश्व कप 2026 की धूम के बीच टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी ने तबाही मचाई है. रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे सेमीफाइनल में यह तूफानी गेंदबाज जम्मू-कश्मीर टीम पर कहर बनकर टूटा है. बंगाल के लिए खेलते हुए शमी ने गेंद से कहर बरपाया है. उन्होंने पहली पारी में एक-दो नहीं बल्कि 8 विकेट निकालकर गर्दा उड़ा दिया. उन्होंने आग उगलती गेंदबाजी से विरोधी टीम की हालत खराब कर दी. शमी ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ सेमीफाइनल में 22.1 ओवर गेंदबाजी की और 90 रन देकर 8 विकेट चटकाए. यह उनके करियर का बेस्ट स्पेल भी है.

शमी की घातक गेंदबाजी के दम पर बंगाल ने जम्मू-कश्मीर को 302 रन पर समेटते हुए 26 रन की बढ़त ले ली. इससे पहले बंगाल ने पहली पारी में 328 रन का स्कोर बनाया था. यह 15वीं दफा है जब शमी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट झटके हैं. शमी ने जम्मू-कश्मीर के शुभम खजूरिया, यावर हसन, अब्दुल समद, कन्हैया वाधवां, आबिद मुश्ताक, वंशज शर्मा, आकिब नबी और युद्धवीर सिंह को पवेलियन भेजा.

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में मोहम्मद शमी

शमी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से ही टीम इंडिया से बाहर हैं. चोट के चलते वह ड्रॉप हुए थे, लेकिन फिर उन्होंने फिटनेस हासिल की. घरेलू क्रिकेट में कमबैक किया और कमाल का प्रदर्शन किया. रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में वह 7 मैच खेलकर 36 शिकार कर चुके हैं, वह भी 16.52 की औसत से. इस दौरान शमी ने सिर्फ 2.71 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं. 90 रन पर 8 विकेट उनका बेस्ट इनिंग प्रदर्शन है, जो सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ आया है.

घरेलू सीजन में छाए हुए हैं शमी

टीम इंडिया से ड्रॉप होने के बाद शमी ने घरेलू क्रिकेट में लगातार बढ़िया प्रदर्शन किया है. रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में वह 36 शिकार कर चुके हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में कुल 16 शिकार किए थे. इसके साथ ही विजय हजारे ट्रॉफी में 15 विकेट निकाले. इस सीजन वह घरेलू क्रिकेट में 67 शिकार कर चुके हैं. मतलब जहां भी शमी खेल रहे हैं, वह तबाही मचा रहे हैं.

क्या टीम इंडिया में होगी वापसी?

शमी का घरेलू क्रिकेट में बढ़िया प्रदर्शन यह संकेत देता है कि वह टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं. शमी ने तो दमखम दिखा दिया है, लेकिन सवाल यह है कि क्या सेलेक्टर्स उनकी वापसी कराएंगे. यह वही शमी हैं, जिन्होंने जून 2024 में भारत के लिए आखिरी टेस्ट खेला था. यह टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच था, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुआ था. भारत को 2026 में कई टेस्ट सीरीज खेलनी हैं, जिनमें शमी नजर आ सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के चलते अब सेलेक्टर्स के लिए शमी को नजरअंदाज करना मुश्किल होने वाला है.