Brian Bennett in T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ब्रायन बेनेट जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है.

Brian Bennett in T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में अब तक 39 मैच हो चुके हैं. इतने मैचों में 20 टीमों के खिलाड़ी क्रीज पर आउट हो चुके हैं. अच्छे-अच्छे बल्लेबाज रनों के लिए जूझते दिखे. टीम इंडिया के तूफानी ओपनर अभिषेक शर्मा का तो तीनों मैचों में खाता नहीं खुला, वहीं एक ऐसा बल्लेबाज है, जो आउट होने का नाम नहीं ले रहा है. ये कोई और नहीं बल्कि जिम्बाब्वे के स्टार ओपनर ब्रायन बेनेट हैं, जिनकी कहानी जरा हटकर रही है. ये अनजान बल्लेबाज इस एडिशन में एक भी दफा आउट नहीं हुआ. उसने तीन मैच खेले और तीनों दफा नाबाद लौटा. इस बैटर के अहम योगदान के चलते जिम्बाब्वे ने सुपर 8 में जगह बनाई है. अब ये खिलाड़ी सुपर 8 में भी तबाही मचाने उतरेगा.

दाएं हाथ के इस स्टार ओपनर ने जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उन्होंने 3 पारियों में नाबाद रहते हुए कुल 175 रन बनाए हैं, जिनमें 22 चौके शामिल हैं.

जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में कुल चार मैच खेले हैं. एक मैच, जो आयरलैंड के खिलाफ था, वह बारिश के चलते नहीं हो सका. इसलिए बेनेट सिर्फ 3 पारियों में ही खेले और हर बार नाबाद लौटे. सबसे पहले उन्होंने ओमान के खिलाफ 48 रन बनाए थे, फिर ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ लगातार 2 फिफ्टी ठोकीं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जब जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर किया तो उन्होंने 56 बॉल पर नाबाद 64 रन बनाए, फिर श्रीलंका के खिलाफ 48 बॉल पर 66 रन किए. ये पारियां टीम की जीत में बेहद खास रहीं.

दूसरा खिलाड़ी कौन?

ब्रायन बेनेट अकेले ऐसे बल्लेबाज नहीं हैं, जो इस बार आउट नहीं हो रहे. उनके अलावा एक नाम और है, जो गेंदबाजों के लिए खतरा बना हुआ है. इस बल्लेबाज का नाम है डेविड मिलर, जो तीन पारियों में सिर्फ 83 रन बना सके, लेकिन हर बार नाबाद लौटे. मिलर ने कनाडा के खिलाफ नाबाद 39 रन, अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 20 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 24 रन बनाए हैं. अब देखना होगा कि बेनेट और मिलर कितने मैचों तक यह सिलसिला जारी रख पाते हैं.

ब्रायन बेनेट के आंकड़े

ब्रायन बेनेट की उम्र अभी 22 साल है. उन्होंने 2023 में डेब्यू किया था और बहुत कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली है. वो अब जिम्बाब्वे के बेहतरीन क्रिकेटर्स में गिने जाने लगे हैं. 22 साल का ये खिलाड़ी अब तक जिम्बाब्वे के लिए 11 टेस्ट, 11 वनडे और 55 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुका है. टेस्ट में उनके नाम 29.94 की औसत से 509 रन दर्ज हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं वनडे में 31.63 की औसत से 348 रन बनाए हैं.

टी20 इंटरनेशनल में शतक लगा चुके हैं बेनेट

टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो वह 1 शतक और 11 अर्धशतक लगाकर 1771 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका औसत 35.42 और स्ट्राइक रेट 143.16 रहा है. वह गेंद से तीनों फॉर्मेट में कुल 12 विकेट भी ले चुके हैं.