Kuldeep Yadav Close To 100 T20I Wickets: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया अब तक चार मैच खेल चुकी है. सभी मुकाबले उसने जीते भी हैं, लेकिन इन मैचों में प्लेइंग 11 में काफी बदलाव हुए हैं. चाइनामैन बॉलर कुलदीप यादव को एकमात्र मौका मिला, वो पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेले थे, जिसमें टीम इंडिया ने कुल 4 स्पिनर उतारे थे. अब अगर उन्हें सुपर 8 के पहले मुकाबले में यानी साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 फरवरी को मौका मिलता है तो उनके पास एक अनोखा शतक लगाकर इतिहास रचने का मौका है.

दरअसल, टी20 विश्व कप 2026 में 21 फरवरी से सुपर 8 की जंग शुरू होगी. टीम इंडिया ग्रुप 1 में है, उसे अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 फरवरी की शाम 7:00 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलना है. इस मुकाबले में कुलदीप ने अगर 5 विकेट निकाल दिए तो वो टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए विकेटों का अनोखा शतक पूरा कर लेंगे. ऐसा हुआ तो उनकी 100 विकेट लेने वाले दिग्गजों के खास क्लब में एंट्री भी हो जाएगी. ये तभी संभव होगा, जब कप्तान सूर्यकुमार यादव कुलदीप को मौका दें और कुलदीप उस पर खरा उतरते हुए 5 विकेट चटका दें.

दिग्गजों के खास क्लब में होगी एंट्री

कुलदीप यादव टीम इंडिया के विकेट टेकर हैं, जिन्होंने अब तक 54 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 95 विकेट निकाले हैं. अब 5 विकेट लेते ही वो इस फॉर्मेट में 100 विकेट पूरे कर लेंगे. उनसे पहले ये कमाल टीम इंडिया के लिए अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह कर चुके हैं. कुलदीप इस खास क्लब में शामिल होने वाले चौथे भारतीय बॉलर बन सकते हैं.

टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट

1. अर्शदीप सिंह– 121 विकेट

2. जसप्रीत बुमराह– 111 विकेट

3. हार्दिक पांड्या– 110 विकेट

4. युजवेंद्र चहल– 96 विकेट

5. कुलदीप यादव– 95 विकेट

सबसे पहले किसने निकाले थे भारत के लिए 100 विकेट?

टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अर्शदीप सिंह के नाम है, जिन्होंने 121 विकेट लिए हैं. वो पहले ऐसे बॉलर हैं, जिन्होंने 100 विकेट का आंकड़ा पार किया था. उनके बाद हार्दिक पांड्या ने ये कमाल किया और फिर बुमराह भी इस लिस्ट में शामिल हुए. नंबर 2 पर मौजूद बुमराह ने 90 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं, जबकि तीसरे नंबर पर मौजूद हार्दिक 133 मैचों में 110 शिकार कर चुके हैं. फिर लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का नाम है, जिन्होंने 80 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 96 विकेट हासिल किए हैं.