टैरिफ पर अमेरिका की शीर्ष अदालत के फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तगड़ा झटका लगा है। सभी को आशंका थी की अदालत के फैसले का सीधा असर भारत के साथ उसके ट्रेड डील पर पड़ेगा। लेकिन अब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि भारत के साथ ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि भारत के साथ ट्रेड डील जारी है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ पर ट्रंप के फैसले को अवैध ठहरा दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद ट्रंप ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर यह बयान दिया है।
भारत के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के ट्रंप द्वारा विभिन्न देशों पर लगाए गए बढ़े हुए टैरिफ को रद्द करने के फैसले के कुछ घंटों बाद व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि भारत के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं और हम भारत के साथ ट्रेड कर रहे हैं। भारत पहले रूस से तेल खऱीद रहा था। लेकिन अब वह ऐसा नहीं कर रहा है। क्योंकि हम उस भयानक युद्ध (रूस-यूक्रेन) को खत्म करना चाहते हैं जिसमें हर महीने 25,000 लोग मर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके रिश्ते “मैं कहूंगा, बहुत अच्छे हैं।”
ट्रंप ने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच युद्ध रुकवाने का काम उन्होंने मुख्य रूप से टैरिफ के जरिए किया। “मैंने कहा, देखो, तुम लड़ना चाहते हो तो ठीक है, लेकिन तुम अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाओगे और दोनों देशों को 200 प्रतिशत टैरिफ देना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने फोन किया और कहा कि हमने आपस में शांति बना ली है।”
“कुछ नहीं बदलेगा, वे टैरिफ देंगे”
डोनाल्ड ट्रंप से भारत के साथ डील के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने कहा, “कुछ नहीं बदलेगा, वे टैरिफ देंगे, और हम टैरिफ नहीं देंगे। भारत के साथ डील यह है कि वे टैरिफ दें। यह पहले जैसा नहीं है, जैसा कि आप जानते हैं, भारत और मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी एक महान सज्जन हैं, असल में एक महान आदमी हैं, लेकिन वे अमेरिका के मामले में उन लोगों से कहीं ज़्यादा स्मार्ट थे जिनके वे खिलाफ थे, वे हमें लूट रहे थे। इसलिए हमने भारत के साथ डील की। अब यह एक सही डील है, और हम उन्हें टैरिफ नहीं दे रहे हैं, और वे टैरिफ दे रहे हैं। भारत डील शुरू हो गई है। हम बस इसे अलग तरीके से करने जा रहे हैं।”
इससे पहले अमेरिका और भारत ने ट्रेड डील को लेकर एक फ्रेमवर्क का ऐलान किया था। इस संबंध में ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी कर भारत द्वारा रूस से तेल खऱीदने पर लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को हटा दिया था। ट्रेड डील के तहत, वॉशिंगटन नई दिल्ली पर कम रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएगा, जो 25 परसेंट से घटकर 18 परसेंट हो जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लगाया 10 फीसदी टैरिफ
वहीं सुप्रीम कोर्ट द्वारा टैरिफ को अवैध घोषित किए जाने के कुछ घंटों के भीतर ट्रंप ने ओवल ऑफिस से एक नए कार्यकारी आदेश पर साइन किया है। इस आदेश के तहत दुनिया के सभी देशों से होनेवाले आयात पर 10 प्रतिशत का टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, “मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि मैंने ओवल ऑफिस से सभी देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ पर साइन कर दिया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


