सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दो युवा वुडबॉल खिलाड़ी आकाश दुबे और रजत सिंह को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल चैंपियनशिप 2025-26 में निर्णायक (रेफरी) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह चैंपियनशिप मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भोपाल में 23 से 27 फरवरी तक आयोजित की जा रही है।

आकाश और रजत बने राष्ट्रीय रेफरी बोर्ड के सदस्य
वुडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने सरगुजा के इन दो राष्ट्रीय खिलाड़ियों को रेफरी बोर्ड में शामिल कर बड़े मंच पर निर्णायक की भूमिका निभाने का अवसर दिया। यह न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सरगुजा जिले के लिए भी गर्व और सम्मान का विषय है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि सरगुजा जिले के खिलाड़ी अब केवल खेल प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल संचालन और तकनीकी दक्षता में भी अपनी विशेष पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि आकाश और रजत ने इससे पहले विभिन्न राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका सफलतापूर्वक निभाई है।
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल में भाग ले रही हैं 65 विश्वविद्यालयों की टीमें
गौरतलब है कि इस चैंपियनशिप में देशभर से लगभग 65 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। ऐसे बड़े आयोजन में सरगुजा जिले के खिलाड़ियों का रेफरी बोर्ड में चयन होना जिले की खेल प्रतिभा और निरंतर प्रगति का प्रमाण है। रजत सिंह वर्तमान में के.आर. टेक्निकल कॉलेज में क्रीड़ा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
खेल संगठनों और शिक्षा संस्थानों ने दी बधाई
सरगुजा जिला वुडबॉल संघ, सरगुजा जिला बास्केटबॉल परिवार और के.आर. टेक्निकल कॉलेज सहित विश्वविद्यालय परिवार ने आकाश दुबे और रजत सिंह को उनके चयन पर बधाई और शुभकामनाएं दी। सरगुजा जिले के युवा खिलाड़ी अब न केवल राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता दिखा रहे हैं, बल्कि प्रशासन और तकनीकी कार्यों में भी अपना लोहा मनवा रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


