Bilaspur News Update : बिलासपुर। सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश 76 वर्षीय सुरेंद्र तिवारी ने मृत्यु के बाद अपना शरीर चिकित्सा विज्ञान की पढ़ाई के लिए दान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सिम्स एनॉटॉमी डिपार्टमेंट में शरीर दान के लिए फार्म भरा है। अज्ञेय नगर निवासी तिवारी ने सिम्स प्रबंधन को सौंपे अपने घोषणा पत्र में कहा है कि उनकी मृत्यु के बाद उनके शरीर का उपयोग मेडिकल छात्र अध्ययन और शोध के लिए कर सकेंगे। एक जागरूक नागरिक होने के नाते समाज और विज्ञान के प्रति यह उनकी अंतिम आहुति होगी। इस पहल में उनके पुत्र राहुल तिवारी ने भी अपनी सहमति दी है। घोषणा पत्र के अनुसार मृत्यु के बाद सिम्स के अधिकारियों को सूचना देने की जिम्मेदारी उनके पुत्र की होगी। देहदान के इस संकल्प के दौरान गवाह के रूप में प्रतीप पाठक और अन्य उपस्थित रहे।

सिम्स प्रबंधन ने जताया आभार सिम्स के एनाटॉमी एनॉटॉमी डिपार्टमेंट के एचओडी ने तिवारी के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान निर्णयों से ही चिकित्सा जगत में नए डॉक्टरों को सीखने और शोध करने का अवसर मिलता है।
ससुराल जा रही महिला से नेशनल हाईवे पर छेड़छाड़, दो आराेपी गिरफ्तार
बिलासपुर। नेशनल हाईवे पर मोटरसाइकिल से जा रही महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को थाना हिर्री पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि 22 फरवरी को वह अपने पति एवं बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से अपने ससुराल जा रही थी। शाम करीब 7 बजे जैसे ही वह भोजपुरी टोल प्लाजा को पार कर रही थी, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे। आरोपियों ने पीड़िता को देखकर अश्लील और अभद्र इशारे किए और पास आकर उसके शरीर छूने लगे। शोर मचाने पर आराेपी वहां से फरार हो गए। रिपोर्ट मिलते ही हिर्री पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने रामभरोष निषाद पिता फंदू निषाद, उम्र 22 वर्ष, निवासी धौराभाठा और चन्द्रशेखर यादव उर्फ छोटू पिता गेंदू यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी धौराभाठा को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों की बाइक भी जब्त कर लिया है।
शराब पीने पैसे न देने पर युवक पर चाकू से हमला
बिलासपुर। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुड़ी चौक के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने से मना करने पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिंदू मोहल्ला ग्राम जलसो निवासी सुनील कौशिक हमाली का कार्य करते हैं। 22 फरवरी की शाम करीब 6 बजे वह सामान लेने गुड़ी चौक के पास पहुंचे थे, जहां पहले से मौजूद चंदर उर्फ टोबो वर्मा ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि इसके बाद आरोपी ने पैंट की जेब से धारदार हथियार निकालकर सुनील कौशिक के गले के सामने, सीने और पेट के बाईं ओर कई वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी के भय के कारण वह उसी रात थाने रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आ सका। अगले दिन उसने थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। जिस पर कोनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवैध रेत उत्खनन रोकने बनेगी ग्राम निगरानी समिति, एसडीएम-तहसीलदार करेंगे मॉनिटरिंग
जांजगीर। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने और रेत माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हेतु योजना बनाई है। उन्होंने तस्करों और अवैध रेत उत्खनन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम स्तर पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सचिव, सरपंच और कोटवार को शामिल करते हुए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। अवैध उत्खनन और परिवहन पर विशेष टीम तत्काल तहसीलदार और एसडीएम को सूचना देगी, इसके बाद माइनिंग, टास्क फोर्स, राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्यवाही करेगी। इसके अलावा कलेक्टर ने धान खरीदी के दौरान भौतिक सत्यापन में जहां-जहां गड़बड़ी पाई गई है वहां तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को सभी अधिकारियों को अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहने को कहा है ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जा सके । इसके अलावा ई–ऑफिस के माध्यम से सभी फाइलों का संचालन करने और विभागीय पत्राचार में डिजिटल माध्यम अपनाने के निर्देश दिए हैं।
व्यावसायिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने स्कूलों के लिए दो-दो लाख स्वीकृत
मुंगेली। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राज्य कार्यालय द्वारा मुंगेली जिले के चिन्हांकित हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु प्रत्येक विद्यालय को दो लाख की स्वीकृति दी गई है। इस राशि का उद्देश्य विद्यालयों में संचालित व्यवसायिक ट्रेड के अनुरूप आवश्यक सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक शिक्षा मिल सके।
इन स्कूलों में आवश्यकता आधारित कार्य योजना के निर्माण व परीक्षण के लिए एसडीएम कीअध्यक्षता में बीईओ एवं बीआरसी सहित एक कमेटी का गठन किया गया है,जो कि प्रत्येक स्कूल के लिए पृथक कार्य योजना प्रस्तुत करेगी। ताकि शासन से प्राप्त राशि का सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके। डीईओ को निर्देशित किया गया है कि वित्तीय समय सीमा में राशि का उपयोग सुनिश्चित करें। कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विद्यालयों में आवश्यक संसाधन शीघ्र उपलब्ध हों,जिससे व्यवसायिक शिक्षा को मजबूती मिले।
ओडिशा के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 8 गौवंश को छुड़ाया गया
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ओडिशा के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 8 गौवंश को छुड़ा दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गोढी से बासनपाली मार्ग पर कुछ पशु तस्कर गौवंशों को बेरहमी से हांकते और मारते-पीटते हुए ओडिशा के बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चुहकीडीपा रोड गोढी में घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम देव लाल मिंज पिता मुक्तुराम मिंज उम्र 26 वर्ष निवासी पंडीझरिया करवारजोर थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ तथा रंजीत तिर्की पिता जयराम तिर्की उम्र 28 वर्ष निवासी करवारजोर उरांवपारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ बताया। आरोपियों ने गोढी पेट्रोल पंप आमाघाट रेलवे ब्रिज के आसपास चर रहे पालतू गौवंशों को पकड़कर भूखे-प्यासे हालत में पैदल क्रूरतापूर्वक ओडिशा बूचड़खाने ले जाकर बिक्री करने के उद्देश्य से परिवहन करना स्वीकार किया। पुलिस ने 8 नग गौवंश को छुड़ा आरोपियों के विरुद्ध थाना तमनार में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6, 10, 11, 12 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


