भिलाईनगर। नगपुरा चौकी अंतर्गत एक विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल ने मोबाइल रखने की बात को लेकर छात्र को कमरे में बुलाकर उसकी डंडे से जमकर पिटाई कर . इससे छात्र को चोटें आई पुलिस मामले में धारा 296,115 (2) 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.
नगपुरा चौकी पुलिस ने बताया कि डोमन देशलहरा निवासी ग्राम नवांगांव पुरदा थाना व तहसील बोरी जिला दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका पुत्र मंजीत देशलहरा (16 वर्ष) जवाहर नवोदय विद्यालय बोरई में जिला दुर्ग में रहकर कक्षा 11 वीं में पढ़ाई कर रहा है. 22 फरवरी की रात 10 बजे प्रार्थी का पुत्र मंजीत देशलहरा किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन लगाकर बताया कि 21 फरवरी को 10.30 बजे से 1.30 बजे के मध्य मोबाइल अपने पास रखने की बात पर वाइस प्रिंसिपल के कमरे में बुलाकर लकड़ी डण्डे व हाथ मुक्का लात से मारपीट की.

बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली से बनेगा अधिकारी कर्मचारियों का पे डाटा
भिलाईनगर। नगर निगम, भिलाई के मुख्य कार्यालय एवं जोन कार्यालयों में कार्यरत अधिकारी कमर्चारियों का 1 जनवरी से आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से उपस्थिति अनिवार्य भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कर दिया है.
इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए आधार- सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से लिये गये उपस्थिति प्रतिवेदन का डाटा सेंटर के माध्यम से प्रतिदिन किया जा रहा है, परंतु अधिकांश अधिकारी कमर्चारी द्वारा उपस्थिति प्रणाली से उपस्थिति नहीं लिया जा रहा है. कई अधिकारी कर्मचारियों द्वारा निर्धारित कार्यालयीन अवधि के पश्चात उपस्थिति लगाया जा रहा है. पूर्व माह के प्रेषित पेडाटा में अनुपस्थित अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कर भेजा गया है, जो कि अनुचित है.
अधिकारी कर्मचारियों का माह फरवरी का आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली से जारी उपस्थिति प्रतिवेदन डाटा सेंटर से प्राप्त करेंगे. माह फरवरी का पेडाटा प्रतिवेदन अनुसार तैयार कर डाटा सेंटर से प्राप्त उपस्थिति प्रतिवेदन की छायाप्रति अधोहस्ताक्षरकर्ता से अनुमोदन कर 24 फरवरी तक निर्धारित समय में सामान्य प्रशासन विभाग में अवकाश पंजी सहित जमा करेंगे. माह फरवरी का वेतन देयक तैयार किया किया जाएगा.
लाल बहादुर शास्त्री सिविल अस्पताल सुपेला में सोनोग्राफी सुविधा की
भिलाईनगर। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार और सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन में लाल में बहादुर शास्त्री सिविल अस्पताल सुपेला सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध करायी गई है. उक्त अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सक की अनुपलब्धता के कारण उपयोग में नहीं लायी जा रही थी.
कलेक्टर सिंह ने इसे संज्ञान में लेते हुए सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन को उक्त अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने निर्देशित किया. सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज ने इसके लिए आवश्यक पहल करते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता रतनानी को जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन संचालन के लिए 10 दिवस का प्रशिक्षण पश्चात सिविल अस्पताल सुपेला सोनोग्राफी में संचालन के लिए दायित्व सौंपा गया है.
डॉ. रतनानी ने चिकित्सालय में सोनोग्राफी की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है. इनके द्वारा प्रतिदिन 10 से 15 गर्भवती माताओं का सोनोग्राफी किया जा रहा है. चिकित्सालय में सोनोग्राफी सुविधा के साथ अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जा रही है.
पत्नी की हत्या करने वाले पति को उम्रकैद
रानीतराई। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम मर्रा में पत्नी की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पति को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अपर सत्र न्यायाधीश पाटन दुलार सिंह निर्मलकर की अदालत ने आरोपी गोपी राम यादव को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास एवं एक हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया. शासन की तरफ से विशेष लोक अभियोजक शेखर वर्मा ने पैरवी की.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आरोपी गोपी राम यादव ने आधी रात अपनी पत्नी सकून बाई की टंगिया से वार कर हत्या कर दी थी. घटना के समय पति-पत्नी कमरे में सोए हुए थे. बताया जाता है कि रात के दौरान जब सकून बाई गहरी नींद में थी, तभी आरोपी ने उस पर टांगिया से हमला कर दिया. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सुबह जब घर के अन्य सदस्य जागे तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला. संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस के पहुंचने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां आरोपी गोपी राम यादव टांगिया लेकर कमरे के एक कोने में बैठा मिला. पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया. मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक शेखर वर्मा ने पैरवी की.
शांतिनगर दशहरा मैदान को टेंडर में देने का विरोध
भिलाईनगर। जनहित संघर्ष समिति ने शांति नगर दशहरा मैदान को टेंडर में देने का विरोध किया है. समिति के जिला संयोजक शारदा गुप्ता ने कहा कि अगर शांति नगर दशहरा मैदान को टेंडर में दिया जाता है तो इसका विरोध किया जाएगा.
शारदा गुप्ता ने कहा कि शांति नगर दशहरा मैदान को टेंडर में देने के लिए निगम ने निविदा आमंत्रित की है, जिसमें खिलाड़ियों के लिए सुबह 6 से 8 और शाम को 5 से 7 बजे तक निशुल्क देने का प्रावधान रखा था. लेकिन यह प्रावधान खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त नहीं है, क्योंकि सैकड़ों खिलाड़ी सुबह 10 बजे तक निरंतर अभ्यास करते हैं. और शाम को 8 बजे तक अभ्यास करते हैं कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के यहां से निकल चुके हैं बहुत सारे बच्चे पुलिस विभाग में अन्य विभाग में अपनी नौकरी के लिए निरंतर यहां से प्रैक्टिस करते हैं, और पुलिस के बड़े-बड़े पदों में उनकी नियुक्ति हुई है.
शारदा गुप्ता ने कहा कि शांति नगर दशहरा मैदान की देखरेख अभी वतर्मान में पूरी तरह खिलाड़ी अपने सहयोग राशि जमा कर दिन रात एक करके ग्राउंड की देखभाल करते हैं. लगातार 2 महीने से निरंतर पानी देकर ग्राउंड को फिर से हरा भरा किया गया है टेंडर जारी होने पर यहां पर शादी विवाह भी आयोजित किए जाएंगे और तरह-तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को भारी असुविधा होगी.
वरिष्ठ नागरिकों ने भी दर्ज कराई आपत्ति : आज शांति नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बृजमोहन सिंह एवं पार्षद अभिषेक मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम भिलाई के महापौर एवं आयुक्त से मुलाकात कर शांति नगर दशहरा मैदान के संबंध में नागरिकों की भावनाओं से अवगत कराया. प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि नगर निगम द्वारा जारी किया गया टेंडर तत्काल निरस्त किया जाए. ज्ञापन देने वालों में बलदेव सिंह ठाकुर, केदार बंसल, आशीष त्रिपाठी, चंद्रभूषण झा, अमर सिंह, भरत सिंह, संजय उपाध्याय, नवतेज सिंह सोहेल, महेंद्र यादव, राजेश यादव, धर्मेंद्र पाटिल, मुरली पोद्दार, सत्यनारायण राव, गिरीश खापोड़े, राजेश शर्मा आदि मौजूद थे.
यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बचाई मरीज की जान
भिलाईनगर . मरीज की जान बचाने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर श्री शंकरा हॉस्पिटल जुनवानी से वायरलेस समन्वय से एंबुलेंस की सतत मॉनिटरिंग कर महज 40 मिनट में रामकृष्ण हॉस्पिटल रायपुर पहुंचाया. इस तरह से युवक को नया जीवन मिला.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को यातायात पुलिस दुर्ग को सूचना मिली कि एक युवक को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण श्री शंकरा हॉस्पिटल जुनवानी में भर्ती कराया गया है . चिकित्सकीय परीक्षण उपरांत उसकी स्थिति गंभीर पाते हुए उन्नत उपचार के लिए रामकृष्ण हॉस्पिटल रायपुर रेफर किया गया. सूचना प्राप्त होते ही यातायात पुलिस ने त्वरित रणनीति बनाते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया.
नशे में वाहन चलाने वालों पर एक्शन दो माह में 435 चालकों पर कार्रवाई
भिलाईनगर। ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ एक्शन लेकर इस वर्ष जनवरी से लेकर फ रवरी तक नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 435 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि नशे की हालत में गाड़ी चलाकर कुछ लोग खुद की जान से साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम डालने का काम करते हैं.
सड़क हादसों के प्रकरणों का विश्लेषण करने पर ये सामने आया है कि अधिकांश दुर्घटना वाहन चालक के नशे की हालत में होने से हुआ है. सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस दुर्ग में अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जनवरी माह में 198 वाहन चालकों एवं फरवरी माह में 237 वाहन चालकों के विरुद्ध नशे की स्थिति में वाहन संचालन करते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के अंतर्गत चालानी एवं न्यायालयीन कार्रवाई की गई. इस प्रकार कुल 435 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं.
चलती गाड़ी से 1.70 लाख नगद छीनकर भागे बदमाश
भिलाईनगर। भट्ठी थाना अंतर्गत बीती रात एक सब्जी व्यापारी से चलती गाड़ी में अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने झोला छीनकर भाग गए. झोले में लगभग 1.70 लाख नगद रखा था. रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 304 (2) बीएनएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है.
भट्ठी थाना प्रभारी प्रकाशकांत ने बताया कि पावरहाउस निवासी महादेव विश्वकर्मा मरोदा मार्केट में सब्जी बेचता है. रोज की तरह सोमवार को भी सब्जी दुकान लगाकर रात 10.45 बजे अपने वाहन से घर जा रहा था. पावरहाउस ओवरब्रिज के पास पहुंचा था कि पीछे से मोटर साइकिल में सवार दो बदमाश आए और चलती गाड़ी से झोले को छीनकर भाग गए. इधर व्यापारी महादेव थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग
भिलाईनगर। पद्मनाभपुर पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया मधु बनेक 22 फरवरी की सुबह अपने घर के पास टहलने निकली थी कि 6 से 6.30 बजे के मध्य अज्ञात दो पहिया वाहन जैसे मे सवार एक व्यक्ति आया और फूल है क्या पूछा. इतने में ही बदमाश प्रार्थिया के गले में पहने हुए सोने के चेन जो 2015 को रांची में खरीदा वजनी करीब ढ़ाई तोला का था. झपटकर भाग गया. झपटने से प्रार्थिया के सोने के चेन का एक हिस्सा प्रार्थिया के ब्लाउज में ही फंस गया और एक हिस्सा करीब डेढ तोला को लेकर भाग गया. रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही हैं.
स्टेशनपारा में फाग महोत्सव 28 से
राजनांदगांव। स्टेशनपारा स्थित नवयुग दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को दो दिवसीय फाग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा. प्रवेश निःशुल्क रखा गया है.
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का विषय श्री राधाकृष्ण जी पर आधारित रहेगा. दो दिनों तक भक्ति, सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी. महोत्सव में मंच पर प्रस्तुति देने वाली प्रत्येक मंडली को 1501 रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी. महोत्सव का शुभारंभ 28 फरवरी (शनिवार) को होगा. कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े पदाधिकारी मुख्य अतिथि, अध्यक्ष और विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
अवैध धन परिवहन पर जप्त वाहनों और धान की होगी मुक्ति
राजनांदगांव। जिला प्रशासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध धान के परिवहन एवं धान उपार्जन केन्द्रों में खपाने का प्रयास करने पर की गई सख्त कार्रवाई के बाद अब जप्त किए गए धान और वाहनों को मुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है .
व्यवहार न्यायालय में जिन प्रकरणों के मामले लंबित नहीं है, कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार उन्हें मंडी शुल्क की वसूली के उपरांत छोड़ा जाएगा. उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए धान खरीदी की अवधि के दौरान कोचियों और बिचौलियों के विरूद्ध अभियान चलाया था. इस दौरान 200 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए थे, जिनमें भारी मात्रा में धान के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को भी जप्त किया गया था. कलेक्टर द्वारा जारी नवीन आदेश के परिपालन में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत इन प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है. ऐसे प्रकरण जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं, उन्हें छोड़कर शेष सभी मामलों में नियमानुसार मंडी टैक्स की गणना की जाएगी. संबंधित पक्षों द्वारा निर्धारित मंडी शुल्क और पेनल्टी की राशि जमा करने के उपरांत, जप्त धान और वाहनों को जप्ती से मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी.
जलकर नही पटाने पर 12 नल विच्छेदन की कार्रवाई
राजनांदगांव। नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष समाप्ति को ध्यान में रखते हुये राजस्व वसूली में कड़ाई बरती जा रही है. घर घर जाकर बकाया करों की वसूली की जा रही है. वसूली के दौरान लम्बे समय से जलकर का भुगतान नहीं करने वाले करदाताओं का नल विच्छेदन किया जा रहा है. इसी कड़ी में आज मोहारा, मोहड व सिंगदई में 12 नल विच्छेदन की कार्यवाही की गयी, साथ ही बड़े बकायादारों को अंतिम नोटिस दी जा रही है, करों का भुगतान नही करने की स्थिति में बकायादारों का नाम सार्वजनिक कर नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही की जायेगी. इसी प्रकार दुकानो के लंबे बकाया पर दुकाने सील की जा रही है.
राजस्व अधिकारी तिवारी ने जानकारी दी कि लंबे समय से निगम जलकर का भुगतान नही करने पर वार्ड नं. 47 मोहारा में 1, वार्ड नं. 49 मोहड में 6 व वार्ड नं. 50 सिंगदई में 5 कुल 12 नल कनेक्शन विच्छेद करने की कार्यवाही की गयी. इसी प्रकार दुकानदारों द्वारा प्रीमियम एवं लम्बे समय से दुकान किराया का भुगतान नहीं करने पर दुकाने सील की जा रही है.
उन्होंने बताया कि नागरिकों द्वारा करो का भुगतान करने पर होने वाले राजस्व आय से कर्मचारियों का वेतन भुगतान सहित नगर विकास किया जाता है. आयुक्त विश्वकर्मा ने निगम सीमा क्षेत्रान्तर्गत निवासरत भवन एवं भूमि स्वामियों तथा निगम स्वामित्व के दुकानों के किराएदारों से अपने स्वामित्व की व भवन भूमियों के एवं संपत्तिकर, जलकर की सम्पूर्ण बकाया राशि तथा निगम स्वामित्व की दुकानों का सम्पूर्ण बकाया किराया का भुगतान निगम कार्यालय में जमा कर रसीद प्राप्त कर लेवे.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


