कुंदन कुमार/ पटना। बिहार में बढ़ते अपराध के ग्राफ को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार की घेराबंदी तेज कर दी है। तेजस्वी यादव ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में अब सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है और कानून का शासन कागजों तक सिमट गया है।
ध्वस्त कानून व्यवस्था और बेलगाम अपराधी
तेजस्वी यादव ने आंकड़ों और घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि बिहार में प्रतिदिन हत्या, बलात्कार और गोलीबारी की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं क्योंकि शासन नाम की कोई चीज शेष नहीं रही। उनके अनुसार, आज बिहार में अपराधियों का राज है, वे जिसे चाह रहे हैं उसे सरेआम गोली मार दे रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
नीतीश की कमजोरी और भाजपा पर निशाना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा प्रहार करते हुए तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री अब पहले की तुलना में बहुत कमजोर हो गए हैं, उन्हें याद तक नहीं रहता कि राज्य में क्या चल रहा है। उन्होंने गृह विभाग की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपे जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि दो-दो उपमुख्यमंत्री होने के बावजूद कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। जो लोग अपराध खत्म करने की बात करते हैं, उन्हें एक बार आईने में अपना चेहरा जरूर देखना चाहिए।
अमित शाह का दौरा और गिरती अर्थव्यवस्था
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को तेजस्वी ने राजनीतिक प्रोपेगेंडा करार दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनावों और सियासी समीकरणों को साधने के लिए यह सब किया जा रहा है। तेजस्वी ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज देश का रुपया लगातार कमजोर हो रहा है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को इसकी कोई परवाह नहीं है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


