Purnamasi Ram Passes Away: बिहार की राजनीति के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम का बुधवार शाम निधन हो गया। उन्होंने पटना के रूबन अस्पताल में शाम करीब 6 बजे अंतिम सांस ली। वे पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की पुष्टि उनके भाई और पूर्व एमएलसी राजेश राम ने की। उनके जाने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों समेत खासकर चंपारण इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बगहा की राजनीति का बड़ा चेहरा थे पूर्णमासी राम
पूर्णमासी राम का बगहा विधानसभा क्षेत्र से गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने वर्ष 1990 में जनता दल के टिकट पर पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद वे लगातार पांच बार बगहा से विधायक चुने गए। क्षेत्र में उनकी पहचान एक सादगीपूर्ण और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में थी। लंबे समय तक बगहा की राजनीति उनके इर्द-गिर्द ही घूमती रही।
कई अहम मंत्रालयों की संभाली जिम्मेदारी
विधायक रहते हुए उन्होंने बिहार सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 1991 से 1994 तक वे भवन निर्माण राज्य मंत्री रहे। इसके बाद सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री और 1995 में सहकारिता मंत्री बने। वर्ष 1997 से 2003 तक उन्होंने खाद्य आपूर्ति मंत्री के रूप में कार्य किया। प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के कारण वे सरकार में प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे।
सांसद बनकर राष्ट्रीय राजनीति में भी निभाई भूमिका
राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में भी कदम रखा। वर्ष 2009 से 2014 तक वे जदयू के टिकट पर गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे। संसद में उन्होंने बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों के साथ दलित और पिछड़े वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
कल बगहा में होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए बगहा लाया जाएगा। गुरुवार को बगहा के नारायणपुर घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। निधन की सूचना मिलते ही समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें- राजद MLC के एक बयान से बिहार की सियासत में भूचाल! NDA के नेताओं ने कहा- उनके मुंह से ऐसी ओछी बात शोभा नहीं देती
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


