Bihar Politics: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज होते नजर आ रही हैं। इस बीच AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान ने आज बुधवार (25 फरवरी) की शाम पटना स्थित अपने आवास पर इफ्तार पार्टी दी, जो राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल अख्तरुल की इस इफ्तार पार्टी में सीमांचल नेताओं के साथ सत्ता पक्ष जदयू और राजद के नेताओं की मौजूदगी ने नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलों को तेज कर दी है।
अख्तरुल ईमान की इस इफ्तार पार्टी में बिस्फी से राजद विधायक आसिफ अहमद और जदयू के पूर्व सांसद अशफाक करीम शामिल हुए। सियासी गलियारों में इसे राज्यसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव से पहले AIMIM के समर्थन को लेकर सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्षी नेता भी अपनी जुगत में लगे हुए हैं।
खबरों की माने तो राज्यसभा चुनाव में AIMIM का समर्थन हासिल करने के लिए तेजस्वी यादव ने अख्तरुल ईमान से संवाद बनाए रखने के लिए अपने कुछ भरोसेमंद नेताओं को जिम्मेदारी दी है। बिस्फी विधायक आसिफ अहमद की इफ्तार में मौजूदगी को इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है, 16 मार्च को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें बिहार की भी 5 राज्यसभा सीटों पर मतदान होना है। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 41 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में एनडीए को चार सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 विधायक होने से उसकी राह मुश्किल नजर आ रही है। ऐसे में यदि महागठबंधन का समर्थन AIMIM करती है, तो राज्यसभा की एक सीट उसके खाते में आ सकती है।
विधानसभा की मौजूदा संख्या की बात करे तो भाजपा के 89, जदयू के 85 और लोजपा (रामविलास) के 19 विधायक हैं। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा की आएलएम के पास महज 4 विधायक हैं। बिहार की राजनीति में इफ्तार पार्टियां अक्सर सियासी संदेश और गठबंधन की संभावनाओं का मंच बनती रही हैं। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान एआईएमआईएम का रुख किस दिशा में जाता है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


