T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे सुपर-8 मैच में न्यूजीलैंड ने मेजबान श्रीलंका को 61 रन से हराकर टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम रखीं। इसके साथ ही श्रीलंका की सेमीफाइनल की रेस समाप्त हो गई है। आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम केवल 107/8 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सैंटनर-मैकॉन्ची की साझेदारी ने बनाया फाइटिंग स्कोर

न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और टीम ने 84 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान मिचेल सैंटनर (47 रन) और कोल मैकॉन्ची (31)* ने 84 रन की साझेदारी कर टीम को 160 पार पहुंचाया। यह टी-20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड की ओर से 7वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।

हेनरी ने पावरप्ले में लिए दो विकेट

169 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। पथुम निसांका पहली बॉल पर ही शून्य रन पर आउट हो गए। उन्हें मैट हेनरी ने बोल्ड किया। तीसरे ओवर की पहली बॉल पर चरिथ असलंका (5 रन) कैच आउट हुए। इन दो शुरुआती विकेटों ने मेजबान टीम को पीछे धकेल दिया।

रचिन रवींद्र ने श्रीलंका की वापसी रोकी

मिडल ओवर में रचिन रवींद्र ने श्रीलंकाई टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने दुषन हेमंथ (3), दसुन शनाका (3), कुसल मेंडिस (0) और पवन रत्नायके (10) के विकेट झटके। श्रीलंका की ओर से केवल कामिंडु मेंडिस ने 31 रन बनाए।

कीवियों की सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड सुपर-8 ग्रुप 2 में 3 अंकों के साथ नंबर-2 पर पहुँच गई है और सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम रखी हैं। वहीं, श्रीलंका सुपर-8 में अपनी शुरुआती दो मैच हार चुकी है और अब केवल पाकिस्तान से जीतकर 2 अंक ही हासिल कर सकती है, जो टॉप-4 में पहुंचने के लिए पर्याप्त नहीं है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H